Lockdown: नहीं पिघली ममता, हिमाचल में फंसे पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए किए दरवाजे बंद
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने राज्य के लोगों की घर वापसी के लिए दरवाजे बंद कर दिए हैं।
शिमला, यादवेन्द्र शर्मा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने राज्य के लोगों की घर वापसी के लिए दरवाजे बंद कर दिए हैं। हिमाचल प्रदेश में काम करने वाले पश्चिम बंगाल के दो हजार लोगों ने वापसी के लिए पंजीकरण करवाया है। इनकी वापसी के लिए हिमाचल सरकार ने संपर्क किया तो ममता ने साफ इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट में किसी की भी वापसी नहीं होगी। चाहे वह ग्रीन जोन में ही रह रहा हो।
हिमाचल से अन्य राज्यों में 32 हजार लोग घरों को लौटे चुके हैं। 72582 ने वापसी के लिए पंजीकरण करवाया है। 25 अप्रैल से 12 मई तक अन्य राज्यों से एक लाख के करीब हिमाचली आ चुके हैं। इनमें 90 फीसद युवा हैं। यह युवा अन्य राज्यों में शिक्षा ग्रहण करने के साथ वहां पर विभिन्न उद्योगों में कार्यरत थे। उद्योग बंद होने के बाद हालात खराब हुए तो यह वापस आ गए।
बेंगलुरु से 789 लोगों को लेकर आज ऊना पहुंचेगी ट्रेन
बेंगलुरु से 789 लोगों को लेकर बुधवार को ट्रेन ऊना पहुंचेगी। इसमें 1500 की घर वापसी होनी थी, लेकिन 789 ही आ रहे हैं। इन्हें 14 दिन के लिए संस्थागत क्वारंटाइन में रखा जाएगा।
कब-कहां से आएगी रेलगाड़ी
- कहां से,कब,यात्री
- गोवा,13 मई,1200
- मुम्बई,15 मई,1500
- पुणे,17मई,1400
- ठाणे,19 मई,1500 नोट: यह सभी ट्रेनें हिमाचलियों को लेकर ऊना पहुंचेंगी।
हिमाचल आने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाए
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने अपने राज्य के लोगों की वापसी के लिए इन्कार कर दिया है। अन्य राज्यों से हिमाचलियों को लाने के लिए प्रयास किया जा रहा हैं। हिमाचल आने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाए हैं, जिससे ज्यादा लोगों को लाया जा सके। -ओंकार शर्मा, स्टेट नोडल अधिकारी व प्रधान सचिव राजस्व, हिमाचल प्रदेश।