हिमाचल में बिजली विभाग हुआ खाली, सेवानिवृत्त कर्मियों की जगह नहीं भरे जा रहे पद; देखिए आंकड़ा
प्रदेश में विद्युत विभाग खाली हो गया है। लगातार साल दर साल कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। लेकिन उनकी जगह नई नियुक्ितयां नहीं की जा रही हैं।
पंचरुखी, बृज स्वरूप धीमान। प्रदेश में विद्युत विभाग खाली हो गया है। लगातार साल दर साल कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। लेकिन उनकी जगह नई नियुक्ितयां नहीं की जा रही हैं। जिला कांगड़ा केे विद्युत उपमंडल पंचरुखी के पांच सेक्शन में 24 कर्मचारी 13461 घरों में बिजली पहुंचाने का जिम्मा संभाल रहे हैं। कर्मचारियों के सौ से अधिक पद रिक्त होने से विभाग को उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति करना मुश्किल हो रहा है।
विद्युत उपमंडल पंचरुखी के पांच सेक्शन विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर, बैजनाथ व पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में पड़ते हैं। तीनों हलकों में 13461 उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति करने का जिम्मा विद्युत उपमंडल पंचरुखी के पास है। बोर्ड को 24 कर्मचारियों से कार्य करवाना मुश्किल हो रहा है। रात्रि ड्यूटी के लिए कर्मचारी नहीं हैं। यदि रात को विद्युत लाइनों में खराबी आ जाए तो उसे अगले दिन सुबह ठीक किया जाता है।
विद्युत उपमंडल पंचरुखी के तहत साल दर साल कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं लेकिन इनकी जगह नई नियुक्तियां नहीं हो रही हैं। विद्युत उपमंडल पंचरुखी सेक्शन एक में 2995 उपभोक्ताओं के घरों में विद्युत आपूर्ति करने का जिम्मा एक लाइनमैन, एक फोरमैन व चार टीमैन पर है। यहां 28 कर्मचारियों के पद रिक्त हैं। पंचरुखी सेक्शन दो के 1951 उपभोक्ताओं के घरों में विद्युत आपूर्ति करने का जिम्मा एक लाइनमैन व दो टीमैन पर है। यहां 21 कर्मचारियों के पद रिक्त हैं। बनूरी सेक्शन में 3081 उपभोक्ताओं के घरों में विद्युत आपूर्ति करने का जिम्मा एक फोरमैन, दो लाइनमैन व दो टीमैन पर है।
इनमें से एक मार्च में सेवानिवृत्त होगा। यहां कर्मचारियों के 28 पद रिक्त हैं। रक्कड सेक्शन के 2962 उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति करने का जिम्मा एक लाइनमैन, एक सहायक लाइनमैन व तीन टीमैन पर है। यहां 28 कर्मचारियों के पद रिक्त हैं। दियोग्रां सेक्शन में 2472 उपभोक्ताओं के घरों में विद्युत आपूर्ति करने का जिम्मा एक लाइनमैन, एक इलेक्ट्रीशियन व तीन टीमैन पर है। यहां 21 कर्मचारियों के पद रिक्त हैं। बताया जा रहा है यदि क्षेत्र में रात को बिजली गुल हो जाए तो सुबह बहाल होती है। उपभोक्ताओं ने सरकार से कर्मचारियों के रिक्त पद शीघ्र भरने व रात्रि ड्यूटी के लिए कर्मचारी तैनात करने की मांग की है।
यह है स्थिति
- 28 कर्मचारियों के पद रिक्त हैं पंचरुखी सेक्शन एक में
- 21 कर्मचारियों के पद रिक्त हैं पंचरुखी सेक्शन दो में
- 28 कर्मचारियों के पद बनूरी सेक्शन में हैं रिक्त
- 28 कर्मचारियों के पद रिक्त हैं रक्कड सेक्शन में
- 21 कर्मचारियों के पद नहीं भरे हैं दियोग्रां सेक्शन में
कर्मचारियों की कमी के बावजूद विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार से भी बार-बार कर्मचारियों की नियुक्ति करने के लिए पत्राचार किया जा रहा है। -संजय मेहरा, सहायक अभियंता, विद्युत उपमंडल पंचरुखी।