विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांगड़ा के कोटला थाने में SHO समेत 25 पुलिस कर्मी होंगे तैनात, नशे और अवैध गतिविधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

By Dinesh Katoch Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 16 Sep 2026 04:16 PM (IST)

कांगड़ा के कोटला में पुलिस चौकी को थाने में अपग्रेड किया गया है, जहां अब एसएचओ सहित 25 पुलिसकर्मी तैनात होंगे। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने इसका उद्घाटन किया।

कोटला पुलिस थाने का उद्घाटन करते कृषि मंत्री चंद्र कुमार व एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज। जागरण

कोटला पुलिस थाने का उद्घाटन करते कृषि मंत्री चंद्र कुमार व एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज। जागरण

HighLights

  1. कोटला पुलिस थाने में एसएचओ समेत 25 पुलिसकर्मी तैनात होंगे।

  2. कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने थाने का उद्घाटन किया।

  3. नशे और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए।

संवाद सहयोगी, कोटला (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में जिला कांगड़ा के कोटला थाने में अब कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए एसएचओ समेत 25 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिस चौकी से स्तरोन्नत किए गए पुलिस थाने में एक थाना प्रभारी (एसएचओ), तीन सहायक उप निरीक्षक, पांच मुख्य आरक्षी और 16 आरक्षी तैनात होंगे। इनमें महिला पुलिस कर्मी भी शामिल रहेंगी। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने बुधवार को ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के कोटला में स्तरोन्नत पुलिस थाने का उद्घाटन किया।

पुलिस थाना खुलने से कोटला और आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के साथ स्थानीय लोगों को पुलिस सेवाएं आसानी से उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। 

अवैध गतिविधियों अंकुश लगाने का निर्देश

चंद्र कुमार ने पुलिस को क्षेत्र में चिट्टे सहित अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और दूसरी गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस को तत्परता और सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता भी जरूरी है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज ने कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार को शॉल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया। 

देहर खड्ड के नुकसान के निपटने के लिए कार्य

उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान देहर खड्ड से होने वाले नुकसान से निपटने के लिए कोटला क्षेत्र में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ नियंत्रण और भूस्खलन शमन कार्य करवाए गए हैं। चंद्र कुमार ने कहा कि कोटला को नगर पंचायत का दर्जा दिया गया है, जिससे क्षेत्र में विकासात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक इल्मा अफरोज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी वर्मा, एसडीएम नरेंद्र जरियाल, डीएसपी चंद्रपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: मनाली फोरलेन पर दयोड़ व हणोगी के बाद अब NHAI का अगला टारगेट दवाड़ा फ्लाईओवर और झलोगी टनल, पूरा प्लान तैयार