विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गजब की लापरवाही! कांगड़ा में एक घंटे स्टार्ट खड़ी रही HRTC बस, रूट पर निकलते ही हो गई खराब

Published: Fri, 21 Aug 2026 06:50 PM (IST)

डाडासीबा में एचआरटीसी की एक बस प्रतिदिन एक घंटे तक स्टार्ट खड़ी रहती है, जिससे डीजल की बर्बादी और प्रदूषण होता है।

कांगड़ा में लापरवाही की वजह से खराब हुई एचआरटीसी की बस।

कांगड़ा में लापरवाही की वजह से खराब हुई एचआरटीसी की बस।

HighLights

  1. बस प्रतिदिन डाडासीबा स्टैंड पर एक घंटा स्टार्ट रहती है

  2. कमजोर बैटरी के कारण बस को बंद नहीं किया जाता

  3. रूट पर निकलते ही बस खराब हुई, यात्रियों को परेशानी

संवाद सूत्र, डाडासीबा। देहरा से वाया डाडासीबा तलवाड़ा रूट पर चलने वाली एचआरटीसी की बस को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। बस डाडासीबा बस स्टैंड पर प्रतिदिन करीब एक घंटे तक स्टार्ट खड़ी रहती है।

शुक्रवार को भी बस करीब एक घंटे तक स्टार्ट खड़ी रही, लेकिन जैसे ही करीब 11:30 बजे इसे तलवाड़ा के लिए रवाना किया गया तो कुछ ही दूरी पर अचानक तकनीकी खराबी के कारण बस बंद हो गई।

काफी प्रयास के बाद भी बस दोबारा स्टार्ट नहीं हुई, जिसके चलते उसे सवारियों और अन्य लोगों की मदद से धक्का लगाकर सड़क किनारे खड़ा करना पड़ा। इससे बस में सवार यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार यह बस सुबह करीब 10:15 बजे डाडासीबा बस स्टैंड पहुंचती है और करीब 11:30 बजे तलवाड़ा के लिए रवाना होती है। इस दौरान बस को बंद करने के बजाय लगातार स्टार्ट रखा जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब एक घंटे तक बस के स्टार्ट रहने से जहां अनावश्यक रूप से डीजल की खपत हो रही है, वहीं बस स्टैंड के आसपास खड़े दुकानदारों, राहगीरों और यात्रियों को बस से निकलने वाले धुएं और इंजन के शोर से भी परेशानी होती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार सरकारी संसाधनों की बचत और खर्च में कटौती पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी ओर बस को रोजाना करीब एक घंटे तक स्टार्ट रखने से सरकारी ईंधन की अनावश्यक खपत हो रही है। लोगों का सवाल है कि यदि बस की बैटरी कमजोर है तो उसे बदलने के बजाय रोजाना बस को स्टार्ट रखकर रूट पर भेजना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है।

इस संबंध में देहरा डिपो के अड्डा इंचार्ज पवन कुमार ने बताया कि बस की बैटरी कमजोर होने के कारण उसे बंद करने के बाद दोबारा स्टार्ट करने में परेशानी आती है। डिपो में नई बैटरी उपलब्ध न होने के कारण सुबह बस को स्टार्ट करवाकर रूट पर भेजा जाता है।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को डाडा सीबा से तलवाड़ा के लिए रवाना होने के बाद बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण वह बंद हो गई। उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान करने के लिए बैटरी उपलब्ध होने पर उसे बदल दिया जाएगा।

दुकानदारों और यात्रियों ने एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि बस की कमजोर बैटरी को जल्द बदला जाए और तकनीकी खराबी को भी दूर किया जाए। लोगों का कहना है कि इससे एक ओर बस को लंबे समय तक स्टार्ट खड़ा रखने की मजबूरी खत्म होगी, वहीं सरकारी डीजल की अनावश्यक खपत पर भी रोक लगेगी। साथ ही बस के बीच रास्ते में खराब होने से यात्रियों को होने वाली परेशानी से भी राहत मिल सकेगी।

यह भी पढ़ें- मंडी में सड़क धंसने से हादसा: एचआरटीसी बस को पास देते समय लुढ़का ट्रक, नौहली-पद्धर मार्ग पर हुई घटना

यह भी पढ़ें- एचआरटीसी परिचालक पर निजी बस ऑपरेटरों को बदनाम करने का आरोप, संघ ने मांगी कार्रवाई