बज्रेश्वरी मंदिर में 15 क्विंटल माखन से सजा घृतमंडल
जागरण संवाददाता, कागड़ा : श्रीबज्रेश्वरी माता मंदिर कांगड़ा में मां का भव्य घृतमंडल रविवार रात
जागरण संवाददाता, कागड़ा : श्रीबज्रेश्वरी माता मंदिर कांगड़ा में मां का भव्य घृतमंडल रविवार रात को सजकर तैयार हो गया। पुजारी वर्ग ने मां को माखन का लेप लगाना रविवार शाम को शुरू किया। घृतमंडल को सजाने व संवारने का काम देर रात तक चला। इस अलौकिक दर्शन के लिए पहले से ही श्रद्धालु यहां चल रहे मां के जगराते में मौजूद थे। बारी बारी से श्रद्धालुओं ने मां के इस अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर पुण्य को प्राप्त किया।
घृतमंडल के लिए मां के चरणों में 15 क्विंटल देसी घी चढ़ा है, जिसे माखन में बदलकर मां की पिंडियों को लेप किया गया।
वहीं, माता बज्रेश्वरी देवी उत्सव आयोजन समिति के तत्वाधान में मां के भव्य रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। जागरण में खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने बतौर अतिथि शिरकत कर माता के चरणों में शीश नवाया व पूजा अर्चना की।
मां के जागरण में दिव्य चैनल के गायक संजय सावरिया, राइजिंग स्टार फेम राखी गौतम व पार्टी, हिमाचली लोक गायक धीरज शर्मा, विक्रांत भंद्राल एंड पार्टी व सूफी गायक सुनील शर्मा ने महामायी का गुणगान किया। माता बज्रेश्वरी देवी मंदिर में घृत मंडल पर्व का आयोजन पिछले कई वषरें से उत्सव के रूप में किया जाता है।
-------
क्यों चढ़ता है मां को घृत का लेप :
जालंधर दैत्य को मारते समय माता के शरीर पर अनेक चोटें आई थी तथा देवताओं ने माता के शरीर पर घृत का लेप किया था। इसी परंपरा के अनुसार यहा सदियों से माता की पिंडी पर घृत का लेप करने की परंपरा जारी है। इसी परंपरा का निर्वहन हो रहा है।
------
मंदिर में 15 क्विंटल देसी घी को माखन में बदल कर मां का घृतमंडल सजाया गया है। मां के जागरण व भजन कीर्तन के बीच में भव्य घृतमंडल सजकर तैयार हुआ है।
-सुरेंद्र धीमान, मंदिर अधिकारी, बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा।