यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Renuka Ji Fair: अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले में होंगी ये खेलकूद प्रतियोगिताएं, आठ नवंबर से होगा पंजीकरण
International Renuka Ji Fairअंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेला-2021 में खेलकूद प्रतियोगिताएं आर्कषण का मुख्य केंद्र होंगी। इसमें इस वर्ष पुरुष वर्ग के ...और पढ़ें

नाहन, जागरण संवाददाता। International Renuka Ji Fair, अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेला-2021 में खेलकूद प्रतियोगिताएं आर्कषण का मुख्य केंद्र होंगी। इसमें इस वर्ष पुरुष वर्ग के लिए कुश्ती तथा पुरुष व महिला वर्ग के लिए वालीबाल, कबड्डी व बैडमिंटन (एकल) प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जा रहा है। उपायुक्त सिरमौर एवं अध्यक्ष श्रीरेणुकाजी विकास बोर्ड राम कुमार गौतम ने बताया कि सभी इच्छुक प्रतिभागी अपना पंजीकरण जिला युवा सेवाएं व खेल विभाग नाहन जिला सिरमौर के कार्यालय में 08 से 10 नवंबर तक प्रातः 10 बजे से सांय 5 बजे तक करवा सकते हैं। दंगल में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का पंजीकरण 14 नवंबर को प्रातः 11 बजे तक कुश्ती स्थल पर ही किया जाएगा।
उन्होंने बताया मेले में कुश्ती का आयोजन 14 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शाम बजे तक किया जाएगा तथा अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन 15 से 19 नवंबर तक किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कुश्ती विजेता को 31 हजार व उपविजेता को 15 हजार, बैडमिंटन विजेता को 5100 व उप-विजेता को 3100 रूपये, वालीबाल विजेता टीम को 51 हजार व उप-विजेता को 31 हजार रुपये तथा कबड्डी की विजेता टीम को 51 हजार व उप-विजेता को 31 हजार रुपये का नकद पुरस्कार के साथ ट्राफी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागी 18 वर्ष से ऊपर की आयु के होने चाहिए तथा प्रतिभागी के पास आयु प्रमाण के रूप में आधार कार्ड या अन्य प्रमाणित दस्तावेज़ होना आवश्यक है। कबड्डी तथा वालीबाल के खिलाड़ियों की अधिकतम आयु 40 वर्ष से अधिक नही होनी चाहिए। एक खिलाड़ी केवल एक ही टीम से प्रतियोगिता में भाग ले सकता है। सभी प्रतिभागियों के पास कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज का प्रमाण पत्र होना आवश्यक है।
इसके अतिरिक्त सभी खिलाड़ी खेल की किट में होने चाहिए तथा एक टीम के पास एक ही तरह की किट होनी चाहिए। कबड्डी तथा वॉलीबाल में भाग लेने वाली टीम के 80 प्रतिशत खिलाड़ी कम से कम राज्य स्तर के खिलाड़ी होने चाहिएं तथा बैडमिंटन के प्रतिभागी कम से कम राज्यस्तर के खिलाड़ी होने चाहिए, जिसका प्रमाण पत्र प्रवेश शुल्क के समय उपलब्ध करवाना अनिवार्य होगा। महिला प्रतिभागी के साथ महिला प्रशिक्षक या महिला टीम प्रबंधक का होना आवश्यक है।
कबड्डी तथा वालीबाल के लिए प्रवेश शुल्क 2500 रुपये प्रति दल तथा बैडमिंटन के लिए शुल्क 250 रुपये प्रति प्रतिभागी होगा। सभी दलों तथा खिलाड़ियों को आने-जाने तथा ठहरने और खाने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। मेला कमेटी आने-जाने तथा ठहरने और खाने की व्यवस्था के लिए उत्तरदायी नहीं होगी। सभी प्रतियोगिताओं के खिलाड़ियों को कोरोना महामारी के मध्यनजर पानी पीने के लिए अपनी बोतल का प्रयोग करना होगा। सभी प्रतियोगिताओं के दौरान समय एवं स्थिति को देखते हुए मेला कमेटी/टूर्नामेंट कमेटी का निर्णय ही अंतिम होगा। कोविड महामारी के मध्यनजर यह प्रतियोगिता प्रशासन द्वारा समय समय पर जारी दिशा-निर्देशों के अधीन आयोजित की जाएगी।
