कृषि विवि में इंटर कॉलेज प्रतियोगिता शुरू
हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कुलपति अशोक कुमार सरियाल ने छात्रों से खेल को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए कहा है। सोमवार को डाक्टर सरियाल छह दिवसीय वार्षिक इंटर कॉलेज खेलों के उदघाटन अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि छात्रों के व्यक्तित्व के समग्र विकास के लिए खेलों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कैलेंडर में एकीकृत किया गया है और गुणवत्तापूर्ण खेल अवसंरचना भी बनाई गई है।
जागरण संवाददाता, पालमपुर : हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में सोमवार को छह दिवसीय इंटर कॉलेज खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। इसमें कुलपति अशोक कुमार सरियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इसमें 14 टीमों के 430 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में बास्केटबॉल, फुटबॉल, वालीबॉल, बैडमिटन, टेबल टेनिस, शतरंज मुकाबले होंगे। इस दौरान मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया और टीमों द्वारा मार्च पास्ट का निरीक्षण भी किया। छात्र कल्याण अधिकारी डॉ. वीके गुप्ता ने बताया कि विवि के चारों कॉलेजों के विद्यार्थी प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाएंगे।