यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिलासपुर के बकरोआ में सरकारी सीमेंट से घर पर पलस्तर करवा रहा था व्यक्ति, विजिलेंस ने पकड़ा
जिला बिलासपुर के बकरोआ क्षेत्र में एक व्यक्ति की ओर से सरकारी सीमेंट को अपने घर में इस्तेमाल करने का ...और पढ़ें

बिलासपुर, जागरण संवाददाता। जिला बिलासपुर के बकरोआ क्षेत्र में एक व्यक्ति की ओर से सरकारी सीमेंट को अपने घर में इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। इस मामले की जानकारी जब पुलिस विभाग के विजिलेंस ङ्क्षवग को मिली तो एक टीम ने दबिश दी। उस व्यक्ति ने अपने घर पर पलस्तर का कार्य चलाया था। टीम ने घर से सरकारी सीमेंट के 76 बैग बरामद किए। इस मामले की स्थानीय क्षेत्र में काफी चर्चा है।
विजिलेंस को 14 नवंबर को जानकारी मिली कि एक व्यक्ति की ओर से सरकारी सीमेंट का दुरुपयोग किया जा रहा है। यह सीमेंट सरकारी निर्माण के लिए उपयोग किया जाना था। लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार के साथ मिलीभगत कर एक व्यक्ति इस सीमेंट का इस्तेमाल अपने घर पर चल रहे पलस्तर के कार्य के लिए कर रहा था। बिलासपुर के पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर उन्होंने एक टीम गठित कर मौके के लिए रवाना की। टीम ने घुमारवीं तहसील के बकरोआ निवासी विवेक कुमार के घर पर दबिश दी और वहां सरकारी सीमेंट के बैग मिले। सीमेंट के दो बैग खुले हुए पाए गए। इनमें से एक बैग आधा भरा बरामद हुआ था। इसके अलावा पांच बैग वहां खाली मिले हैं। अन्य बैग में सीमेंट भरा था।
विवेक कुमार अपने घर पर सरकारी सीमेंट रखने के अलावा इसका इस्तेमाल करते हुए पाया गया जो दंडनीय अपराध है। पुलिस ने सरकारी सीमेंट के बैग को अपने कब्जे में ले लिया है। मकान मालिक विवेक से जब इस संबंध में पूछताछ की गई तो उसने इस मामले में लोक निर्माण विभाग के सरकारी ठेकेदार का नाम बताया। वहीं, आरोपित विवेक कुमार व सरकारी ठेकेदार के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
