स्मार्ट सिटी धर्मशाला के लिए 100 करोड़ रुपये जारी, इन परियोजनाओं पर होगा काम; जानिए
Grant for Smart city Dharamshala स्मार्ट सिटी धर्मशाला के लिए प्रदेश सरकार ने 100 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं।
धर्मशाला, जेएनएन। स्मार्ट सिटी धर्मशाला के लिए प्रदेश सरकार ने 100 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। हालांकि धनराशि जारी करने के लिए उपचुनाव से पहले औपचारिकताएं पूर्ण हो गई थी लेकिन आचार संहिता लगने के कारण धनराशि जारी नहीं हो पाई थी। स्मार्ट सिटी धर्मशाला के तहत कई स्मार्ट परियोजनाओं का काम लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं जबकि कई परियोजनाओं के दस्तावेज भी पूरे हो चुके हैं। स्मार्ट सिटी धर्मशाला के तहत सोलर रूफ टॉप, स्मार्ट क्लासरूम, स्मार्ट सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट भी तैयार किया गया है।
मई 2015 में धर्मशाला स्मार्ट सिटी की अधिसूचना जारी हुई थी। स्मार्ट सिटी परियोजना की शर्तों के अनुसार प्रदेश सरकार को परियोजना में 50 फीसद योगदान देना था। हालांकि प्रदेश सरकार ने अब तक सिर्फ 25 करोड़ रुपये का योगदान दिया था। इस कारण परियोजनाओं का कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। स्मार्ट सिटी योजना के तहत 34 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को निष्पादित किया गया है जबकि 58 करोड़ की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है और पिछले तीन वर्षों में परियोजना पर स्थापना व्यय के रूप में 9.78 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। धर्मशाला स्मार्ट सिटी के तहत 2109 करोड़ की राशि खर्च होनी है। उधर, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी ने कहा कि धर्मशाला शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार ने 100 करोड़ जारी किए हैं। शीघ्र विभिन्न योजनाओं पर कार्य शुरू हो जाएंगे।
34 करोड़ रुपये की योजनाएं पूरी
धर्मशाला स्मार्ट सिटी में 34 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। इनमें 30 करोड़ रुपये स्रोत और संयंत्र (पानी की आपूर्ति) में वृद्धि और स्वचालन शामिल हैं। जीआइएस वेब पोर्टल पर जिसमें सभी पर्यटन स्थल, सरकारी कार्यालय, अस्पताल और पुलिस स्टेशन 1.29 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। ई-नगरपालिका 1.17 करोड़ रुपये की जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र के रूप में विभिन्न सेवाएं, 35 लाख रुपये की धर्मशाला स्मार्ट सिटी वेबसाइट और रूट जोन ट्रीटमेंट चरण एक जिसमें सीवरेज पानी को विशेष पौधों की जड़ों का उपयोग करके साफ किया जा रहा है। इस योजना पर 1.40 करोड़ खर्च किए गए हैं।