HP Police Bharti: पुलिस भर्ती मैदान में युवाओं को मिलेगा मास्क व सैनिटाइजर, पहली बार जूस व फल भी मिलेगा
HP Police Bharti 2021 हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती के दौरान युवाओं को मैदान में खानपान भी मिलेगा। नौ नवंबर से शुरू हो रही पुलिस भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान हर प्रतिभागी को दो मास्क व सैनिटाइजर सहित जूस पानी और फल दिए जाएंगे।
मंडी, जागरण संवाददाता। HP Police Bharti 2021, हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती के दौरान युवाओं को मैदान में खानपान भी मिलेगा। नौ नवंबर से शुरू हो रही पुलिस भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान हर प्रतिभागी को दो मास्क व सैनिटाइजर सहित जूस, पानी और फल दिए जाएंगे। पुलिस ने पहली बार इस तरह की पहल की है। इसके लिए पुलिस महानिदेशक कार्यालय ने आदेश जारी किए हैं।
प्रदेश भर में 1324 पदों के लिए हो रही इस पुलिस भर्ती में एक लाख 87 हजार 474 युवाओं ने आवेदन किए हैं। इसके लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा की तिथियां जारी कर दी गई हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए युवाओं और भर्ती करवाने वाले पुलिस स्टाफ की सुरक्षा के मद्देनजर युवाओं को दो मास्क, हैंड सैनिटाइजर, जूस का पैकेट, 500 मिलीलीटर पानी की बोतल, दो-दो केले, एक बिस्किट का पैकेट और टिशू पेपर या नैपकिन दिया जाएगा। साथ ही इसके इस्तेमाल के बाद इनको फेंकने के लिए डस्टबिन की व्यवस्था भी होगी।
मंडी में 32 हजार युवाओं ने इस भर्ती के लिए आवेदन किया है। पुलिस विभाग पहली बार यह व्यवस्था करने जा रहा है। मंडी जिला में 22 नवंबर से 14 दिसंबर तक भर्ती प्रक्रिया का आयोजन किया जाएगा।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान जब युवा गेट पर पहुंचेंगे तो उनको यह सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। जानकारों की माने तो भर्ती में भीड़ अधिक होने के कारण संक्रमण का खतरा तो रहेगा। लेकिन मास्क व सैनिटाइजर सहित अन्य व्यवस्था होने के कारण इस खतरे को कम किया जा सकता है।
युवा दौड़ के दौरान भी मास्क पहन सकते हैं। पुलिस विभाग ने इसके लिए संबंधित पुलिस अधीक्षकों को आदेश जारी कर दिए हैं। यह पहला मौका है, जब युवाओं को मैदान में फल, पानी और जूस भी मुहैया करवाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष शर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए मास्क सैनिटाइजर आदि युवाओं को दिया जाएगा।