जयसिंहपुर के कोसरी बल्लाह में मकान में लगी आग छत पूरी तरह जली, भरी बरसात में बेघर हुआ परिवार
House Caught Fire कोसरी बल्लाह में एक मकान में आग लगने से छत जलकर राख हो गई। इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ पर छत पूरी तरह से जल गई। भरी बरसात में गरीब परिवार बेघर हो गया।
जयसिंहपुर, संवाद सहयोगी। House Caught Fire, कोसरी बल्लाह में एक मकान में आग लगने से छत जलकर राख हो गई। इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ पर छत पूरी तरह से जल गई। भरी बरसात में गरीब परिवार बेघर हो गया। बरसात के दिनों में छत न होने के कारण परिवार पर मुसीबत टूट पड़ी है। ऐसे में परिवार को अस्थायी तौर पर महिला मंडल भवन में शिफ्ट किया गया है। उपमंडल के हरोट पंचायत के तहत कोसरी बल्लाह में आज सुबह सकीना देवी पत्नी स्वर्गीय शमशेर सिंह के स्लेटपोश मकान को आग लग गई। जिस से मकान की पूरी छत जलकर राख हो गई। इसमें किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने से करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रातः पांच बजे सकीना देवी के घर में आग लग गई। उपप्रधान कमल ने इस की सूचना जयसिंहपुर फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक छत का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।
जयसिंहपुर प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार राजगोपाल पुलिस की टीम सहित मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवार को फौरी राहत के रूप में 5000 रुपये प्रदान किए। उपमंडल अधिकारी पवन शर्मा ने बताया कि प्रभावित परिवार का अस्थायी तौर पर महिला मंडल में शिफ्ट कर दिया है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।