Himachal Weather Update: प्रदेश में रातभर बारिश से तापमान में गिरावट, जानिए कब तक बरसेंगे मेघ
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। बुधवार रात को प्रदेश के अधिकार इलाकों में भारी बारिश हुई। जिला कांगड़ा में रात 11 बजे के बाद मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया जो देर रात तक जारी रहा।
शिमला, धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। बुधवार रात को प्रदेश के अधिकार इलाकों में भारी बारिश हुई। जिला कांगड़ा में रात 11 बजे के बाद मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया जो देर रात तक जारी रहा। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों ने आगामी दिनों में भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। प्रदेश में 16 से 18 सितंबर तक अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे, मगर बरसेंगे नहीं। 19 व 20 सितंबर को प्रदेश के कुछ स्थानों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है कि आने वाले तीन दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना कम है। बादलों के छाए रहने से तापमान में गिरावट का क्रम बना रहेगा।
प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान औसत से 15 मिलीमीटर बारिश कम हुई है। इस दौरान 608.1 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि 718.3 मिलीमीटर सामान्य तौर पर होती रही है। सराहन में 49, मंडी जिले के जंजैहली और पंडोह में 10-10, भुंतर व बजौरा में 6.6 व 6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
राज्य में तापमान की स्थिति
- शहर, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 16.3, 23.8
- सुंदरनगर, 19.5, 32.7
- भुंतर, 18.6, 31.5
- कल्पा, 9.4, 23.3
- धर्मशाला, 18.2, 27.6
- ऊना, 24.0, 36.6
- नाहन, 22.7, 29.5
- केलंग, 9.3, 23.6
- सोलन, 17.6, 29.5
- कांगड़ा, 20.7, 32.0
- बिलासपुर, 22.0, 32.5
- हमीरपुर, 20.9, 31.3
- चंबा, 19.2, 31.4
- डलहौजी, 14.8, 20.8
किन्नौर में चट्टानें गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग बंद
रिकांगपिओ। किन्नौर जिले के प्रवेश द्वार चौरा के समीप मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे चट्टानें गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है। अभी तक राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया है। इससे सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई है। मार्ग को बहाल करने के लिए बुधवार सुबह से ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की मशीनरी व बीआरओ की टीम जुटी रही। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिशाषी अभियंता केएल सुमन ने कहा कि मार्ग को बहाल करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। चट्टानें गिरने से किन्नौर जिले में मंगलवार रात साढ़े नौ बजे से बुधवार मोबाइल संचार सुविधा ठप रही। एकमात्र संचार सुविधा बीएसएनएल की जारी रही।