Himachal Weather Update: दो दिन की राहत के बाद फिर आफत, जानिए कब तक साफ रहेगा मौसम
Himachal Weather Update हिमाचल में चार दिन हुई लगातार बारिश व बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल में चार दिन हुई लगातार बारिश व बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। ऊना व हमीरपुर जिले के छोड़कर हिमाचल के 10 जिलों में भारी बर्फबारी हुई। प्रदेश के प्रमुख पर्यटनस्थलों शिमला, मनाली, डलहौजी व मैक्लोडगंज में पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। यातायात दिक्कतों के बावजूद पर्यटकों ने बर्फबारी का खूब आनंद लिया।
हालांकि शिमला व कुल्लू जिला प्रशासन ने पर्यटकों को मनाली व शिमला का रुख करने से बचने की सलाह दी है इसके बावजूद सैलानियों में बर्फ देखने का जोश है। शिमला में वाहन न चलने के बावजूद पर्यटक बुधवार कालका-शिमला ट्रैक पर चलने वाली गाडिय़ों से शिमला शहर पहुंचे। रेलवे विभाग के अनुसार बुधवार को शिमला आने वाली सभी छह गाडिय़ां पर्यटकों से खचाखच भरी थीं।
मौसम विभाग ने आने वाले दो दिन हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है और वीरवार सुबह से धूप खिली है। मौसम विशेषज्ञों ने सभी स्थानों पर धूप खिलने और तापमान में सुधार होने की आशा जताई है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह का कहना है कि राज्य के अधिकांश भागों में बर्फबारी व बारिश हुई है। दो दिन मौसम साफ रहने के बाद 11 जनवरी से दोबारा पश्चिमी हवा सक्रिय होगी। इससे 11 से 13 जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी हो सकती है।
वहीं, कुल्लू में 140 बस रूट प्रभावित हुए हैं व मंडी में 104 सड़कें बंद हैं। 640 ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं तथा 30 पेजयल योजनाएं प्रभावित हुई हैं। जबकि चंबा जिले में 134 मार्गों पर आवाजाही ठप पड़ गई। जगह-जगह भूस्खलन होने, डंगे गिरने तथा अन्य कारणों से लोक निर्माण विभाग को करीब 538.53 लाख का नुकसान हुआ है।
शीतलहर बढ़ी
प्रदेश के 10 जिलों में बर्फबारी से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। शिमला जिले के नारकंडा पर्यटन केंद्र में सर्वाधिक करीब 92 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया। जलोडी पास में 76 सेंटीमीटर, जिला चंबा की पांगी घाटी में 60 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। पिछले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात व निचले व मध्यम क्षेत्रों में बारिश से शीतलहर ने जोर पकड़ लिया है। शिमला जिले में 12 स्थानों पर हिमपात हुआ है। सिरमौर के दो स्थानों, सोलन जिले के पर्यटन स्थल चायल, शहर शहर, मंडी के गोहर, शिकारी देवी, कमरूनाग, पद्धर उपमंडल चौहारघाटी, करसोग व निहरी, कुल्लू जिला में रोहतांग दर्रा, मनाली व जालोरी पास, जनजातीय किन्नौर जिला की सांगला घाटी, छितकुल, लाहुल स्पीति जिला, जिला चंबा के पांगी घाटी व तीसा में हिमपात हुआ। बिलासपुर जिले की बहादुरपुर धार, कांगड़ा जिले में छोटा व बड़ा भंगाल क्षेत्र का संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। नड्डी व मैक्लोडगंज में बर्फबारी के साथ धर्मशाला में भी फाहे गिरे हैं।
यहां विद्युत आपूर्ति बाधित
- जिला,कितनी जगह
- शिमला,1074
- मंडी,654
- कुल्लू,314
- किन्नौर,28
- चंबा,366
कहां, कितना रहा तापमान
- स्थान,न्यूनतम,अधिकतम
- केलंग,-5.6,-1.4
- कुफरी,-3.0,-0.4
- कल्पा,-2.8,0.6
- मनाली,-1.6,1.6
- डलहौजी,-1.4,1.3
- शिमला,-0.5,5
- धर्मशाला,3.2,7.4
- चंबा,4.5,8.5
- नाहन,9.2,10.2
- ऊना,9.0,12.7
- सोलन,5.5,10.0
- मंडी,7.1,9.4
- बिलासपुर,8.0,11.5
- हमीरपुर,7.8,11.2