हिमाचल में बारिश व हिमपात से बढ़ी ठंड, अभी कुछ दिन और तेवर दिखाएगा मौसम, जानिए ताजा अपडेट
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में मौसम अभी कुछ दिन और तेवर दिखाएगा। प्रदेश में ताजा बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है। वीरवार रात को भारी बारिश व ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई इससे शीतलहर तेज हो गई है।
शिमला/धर्मशाला, जागरण टीम। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में बारिश बर्फबारी के कारण ठंड में इजाफा हुआ है। कल्पा, कुफरी सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वीरवार को हिमपात व कई स्थानों पर बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान में तीन से छह डिग्री तक गिरावट आई है। हालांकि न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की गई है।
रोहतांग दर्रे समेत चोटियों पर सुबह से हिमपात होता रहा, दोपहर एक बजे के बाद अटल टनल सहित लाहुल घाटी में भी बर्फ के फाहे गिरने का क्रम शुरू हो गया है। दोपहर बाद अंजनी महादेव में भी फाहे गिरे। रात को भी भारी बारिश व बर्फबारी हुई।
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज चार मार्च को भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश व हिमपात हो सकता है। छह व सात मार्च को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अधिकतर स्थानों पर हिमपात व व मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आ सकती है।
एसडीएम मनाली डा. सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि रोहतांग दर्रे सहित अटल टनल की ओर हिमपात हो रहा है। मंडी जिले में भी दोपहर बाद कुछ जगह हल्की बारिश शुरू हो गई। शिवरात्रि महोत्सव में कारोबारियों को टेंट के अंदर पानी घुसने से दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
राज्य में तापमान की स्थिति
- शहर, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 6.9, 14.8
- सुंदरनगर, 8.1, 22.9
- भुंतर, 7.0, 17.0
- कल्पा, -0.6, 7.0
- धर्मशाला, 7.2, 17.0
- ऊना, 12.5, 25.7
- नाहन, 11.3, 23.3
- केलंग, -6.6, 2.7
- सोलन, 6.0, 21.0