Himachal Weather Update: दो दिन भारी बारिश की संभावना, कांगड़ा में भूस्खलन से मार्ग बंद, सुजानपुर में गिरी बिजली
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में दो दिन भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कांगड़ा में सुबह भारी बारिश हुई। इस कारण मटौर-शिमला राजमार्ग पर भारी भूस्खलन से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। वहीं सुजानपुर में बिजली गिरने से तीन लोग घायल हुए हैं।
शिमला, धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में दो दिन भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वीरवार सुबह की शुरुआत भी अधिकतर क्षेत्रों में बारिश के साथ हुई। रात को भी बारिश का दौर जारी रहा। रातभर गरजना के साथ आसमानी बिजली चमकती रही। कांगड़ा में सुबह भारी बारिश हुई। इस कारण मटौर-शिमला राजमार्ग पर भारी भूस्खलन से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। कांगड़ा बाजार से लेकर तकीपुर तक वाहनों की कतारें लग गईं। यहां भूस्खलन की चपेट में एक कार सवार भी आ गया। पत्थर लगने से कार का शीशा टूटा, तीन सवारों को हल्की चोटें आई हैं। वहीं, सुजानपुर में बिजली गिरने से तीन लोग घायल हुए हैं। तीनों सुजानपुर अस्पताल में भर्ती करवाए गए हैं। एक घर को भी नुकसान पहुंचा है।
मौसम विशेषज्ञों ने राज्य में शुक्रवार व शनिवार को दो दिन तक कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की ओर से शुक्रवार व शनिवार को दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। पांच दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है कि शुक्रवार व शनिवार को राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। शेष दिनों के दौरान अधिकांश भागों में मौसम साफ रहेगा।
बुधवार को धर्मशाला में 12 मिलीमीटर, पालमपुर में 8.5, कांगड़ा में सात व सोलन में पांच मिलीमीटर बारिश हुई। प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र केलंग में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ऊना में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार रात को जिला शिमला के रोहडू की दलगांव पंचायत में हुई ओलावृष्टि से करीब 10 हजार पेटियों का नुकसान हुआ है। पंचायत के मरडी, सुतली, टाणसा और ततरौण गांवों में बारिश के साथ ओलावृष्टि से काफी नुकसान हुआ है।
राज्य में तापमान की स्थिति
- शहर न्यूनतम अधिकतम
- शिमला, 14.6, 22.6
- सुंदरनगर, 18.4, 30.9
- भुंतर, 18.3, 31.2
- कल्पा, 10.0, 21.5
- धर्मशाला, 19.4, 27.6
- ऊना, 23.6, 33.8
- नाहन, 22.6, 28.2
- केलंग, 9.5, 23.4
- पालमपुर, 17.5, 25.1
- सोलन, 15.6, 30.0
- मनाली, 14.0, 24.0
- कांगड़ा, 21.2, 31.4
- मंडी, 19.2, 31.0
- बिलासपुर, 21.0, 33.5
- हमीरपुर, 20.8, 32.0
- चंबा, 20.0, 31.0
- डलहौजी, 14.8, 18.6
- कुफरी, 12.5, 15.6