Himachal Weather Update: बारिश व बर्फबारी से शीतलहर की चपेट में हिमाचल, तापमान लुढ़का
Himachal Weather Update बारिश व हिमपात के बाद पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। न्यूनतम तापमान में एक से तीन जबकि अधिकतम तापमान में पांच से सात डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से मौसम साफ रहने की संभावना है।
शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Weather Update, बारिश व हिमपात के बाद पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। न्यूनतम तापमान में एक से तीन, जबकि अधिकतम तापमान में पांच से सात डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से मौसम साफ रहने की संभावना है। इससे ठंड से राहत मिलेगी और अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। प्रदेश में भारी बारिश के आरेंज अलर्ट के बीच बारालाचा व शिंकुला में दो से ढाई फीट ताजा हिमपात हुआ है। पर्यटन स्थल सरचू में डेढ़, कुंजुम और रोहतांग में एक-एक फीट बर्फबारी हुई है। अटल टनल रोहतांग की दोनों तरफ दो से तीन इंच बर्फ गिरने के बावजूद वाहनों की आवाजाही जारी है, जबकि स्पीति का शेष विश्व से संपर्क टूट गया है। बारिश से धान की कटाई का काम भी प्रभावित हुआ है।
प्रदेश में 37 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इनमें 27 लाहुल-स्पीति, पांच कुल्लू, चार किन्नौर में और एक शिमला में बंद है। जिला सिरमौर में दो ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली आपूर्ति ठप है। मानसून के बाद अब तक 368 करोड़ का नुकसान हो चुका है। बर्फबारी से मनाली-लेह व दारचा-पदुम कारगिल मार्ग अवरुद्ध हो गया है। एचआरटीसी ने केलंग-मनाली बस सेवा बंद कर दी है। मनाली-लेह व मनाली-काजा मार्ग भी वाहनों के लिए बंद कर दिए हैं। रोहतांग दर्रा भी सैलानियों के लिए बंद है। वहीं, किलाड़ को चंबा से जोडऩे वाले साच पास में हिमपात हुआ है। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है। साच पास में करीब सात इंच हिमपात हुआ है। इससे पांगी से चंबा व चंबा से पांगी की ओर जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पांगी का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है।
बातल में 11 व शिंकुला में फंसे हैं नौ लोग
हिमपात के कारण शिंकुला में नौ व कुंजम के बातल में अभी 11 लोग फंसे हैं। लाहुल-स्पीति के उपायुक्त नीरज कुमार ने बताया कि प्रशासन सभी परिस्थितियों पर नजर रखे हुए है। बातल और ङ्क्षशकुला में फंसे लोगों को रेस्क्यू करने के लिए टीमें भेज दी हैं। सभी लोग सुरक्षित हैं।
आठ बांधों से छोड़ा पानी
दो दिन हुई बारिश के कारण प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पन विद्युत परियोजनाओं के लिए बनाए गए बांधों से हजारों क्यूबिक मीटर पानी छोड़ा गया है। चमेरा वन पनविद्युत परियोजना के बांध में पानी खतरे के निशान से नीचे रहने के बावजूद सबसे अधिक 13540 क्यूबिक मीटर पानी छोड़ा गया। इसी तरह अन्य बांधों से भी पानी छोड़ा गया है।
कहां कितनी बारिश हुई
- स्थान, बारिश, मिलीमीटर
- रिकांगपिओ, 42.5
- कल्पा, 37.2
- मनाली, 24.0
- नारकंडा, 22.0
- सैंज, 20.0
- बजौरा, 16.5
- नौणी, 10.5
कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 11.8, 13.9
- सुंदरनगर, 15.7, 20.6
- भुंतर, 14.6, 15.5
- कल्पा, 4.9, 7.0
- धर्मशाला, 13.0, 20.4
- ऊना, 19.5, 32.7
- नाहन, 18.3, 23
- केलंग, 3.0, 5.0
- सोलन, 14.0, 17.0