Himachal Weather Update: प्रदेश में आज से बदलेगा मौसम, जानिए कब तक है बारिश और हिमपात की संभावना
Today Himachal Weather News Update हिमाचल प्रदेश में मौसम आज से करवट बदलेगा। प्रदेश में 21 जनवरी तक हिमपात व बारिश की संभावना है। सोमवार को दोपहर बाद रोहतांग सहित चोटियों पर हिमपात हुआ। शिमला सहित कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई।
शिमला/धर्मशाला, जागरण टीम। Himachal Weather News Update Today, हिमाचल प्रदेश में मौसम आज से करवट बदलेगा। प्रदेश में 21 जनवरी तक हिमपात व बारिश की संभावना है। सोमवार को दोपहर बाद रोहतांग सहित चोटियों पर हिमपात हुआ। शिमला सहित कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई। बादल छाने और हिमपात के बावजूद न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने चंबा और कुल्लू जिला में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। वहीं धुंध के कारण कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर व मंडी जिला में लोग परेशानी झेल रहे हैं।
प्रदेश में पहले हुए हिमपात के कारण अब भी 140 सड़कों पर यातायात बंद है। बिजली के 16 ट्रांसफार्मर खराब हैं, जबकि 35 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। लाहुल स्पीति में 121, मंडी में नौ, कुल्लू में पांच, शिमला में चार और चंबा में एक सड़क यातायात के लिए बंद है। चंबा में 15 और मंडी में एक ट्रांसफार्मर खराब हैं। लाहुल स्पीति में 24 और चंबा में 11 पेयजल योजनाओं से आपूर्ति नहीं हो सकी।
लाहुल स्पीति प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
मनाली। सप्ताह बाद लाहुल स्पीति में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। रोहतांग समेत शिंकुला, बारालाचा व लाहुल-स्पीति जिले की चोटियों पर सोमवार को हिमपात हुआ। मौसम को देखते हुए लाहुल स्पीति प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। लोग जरूरत पडऩे पर ही यात्रा करें।
कहां कितना तापमान रहा (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 6.6, 13.4
- सुंदरनगर, 4.0, 14.2
- भुंतर, 4.0, 14.2
- कल्पा, -0.8, 5.8
- धर्मशाला, 7.4, 14.0
- ऊना, 7.5, 12.0
- नाहन, 8.3, 10.8
- केलंग, -8.0, 1.0
- मनाली, 3.0, 10.6
- सोलन, 3.7, 21.5