Himachal Weather Forecast: दो दिन आंधी और बारिश की संभावना, सात डिग्री सेल्सियस तक गिरा तापमान
Himachal Weather Forecast मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 27 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। दो दिन के बाद मौसम तेवर तीखे कर सकता है।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में निचले इलाकों में बारिश व पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 27 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। बुधवार और वीरवार को कुछ क्षेत्रों में आंधी और बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। इसके अलावा शुक्रवार और शनिवार को राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। प्रदेश दो दिन हुई भारी बारिश के कारण करीब 100 मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। सबसे ज्यादा मंडी जोन में 85 सड़कें ठप हैं। कुल्लू-मनाली हाईवे पर भी जगह जगह भूस्खलन हो रहा है।
चंबा में खूब बरसे मेघ, उमस व गर्मी से मिली राहत
जिला चंबा में मंगलवार को मौसम की बदली करवट से लोगों को उमस से राहत मिली है। सुबह से ही काले घने बादल छाए हुए थे। दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचे लोग दुकानों में शरण लेते दिखे। बारिश होने से किसानों व बागवानों के चेहरे भी खिल उठे। उनका कहना है कि मक्की व धान के लिए बारिश वरदान साबित होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन से उमस व गर्मी से घर से निकलना मुश्किल हो गया था। गर्मी से लोग कई तरह की बीमारियों के भी शिकार होने लगे थे। मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला और कई स्थानों पर झमाझम बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी तीन चार दिन तक चंबा सहित इसके अन्य क्षेत्रों में बारिश की संभावना है। इस दौरान जिला के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश के साथ हवाएं भी चल सकती है।