Himachal Weather Forecast: 24 तक बारिश की नहीं कोई संभावना, सितंबर में 69 फीसद कम बरसे मेघ
Himachal Weather Forecast मौसम विभाग ने 24 सितंबर तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया है।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में सितंबर में सामान्य से 69 फीसद कम बारिश हुई है। कई जिले ऐसे भी हैं, जहां बहुत कम बारिश हुई है। जिला सोलन में सामान्य से 94 फीसद कम बारिश हुई। वहीं, लाहुल-स्पीति में भी 86 फीसद कम मेघ बरसे। मौसम विभाग ने 24 सितंबर तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान लगाया है। इसके बाद मानसून प्रदेश से विदा ले लेगा। सितंबर में कम बारिश के कारण कई क्षेत्रों में किसानों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
हालांकि अगस्त में बारिश सामान्य से एक फीसद अधिक थी। अब सिंचित क्षेत्रों में धान सहित दूसरी फसलों को किसान पानी देने को मजबूर हैं। एक सप्ताह से खिल रही धूप से तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। मैदानी क्षेत्रों में उमस से लोग परेशान हैं। ऊपरी क्षेत्रों में भी दिन के समय गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया 24 सितंबर के बाद मौसम करवट बदल सकता है। इस दौरान कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 17.4, 25.3
- सुंदरनगर, 19.4, 33.3
- भुंतर, 19.5, 33.6
- कल्पा, 11.4, 26.0
- धर्मशाला, 17.4, 27.6
- ऊना, 23.3, 37.7
- नाहन, 25.1, 29.3
- सोलन, 17.7, 31.8
- मंडी, 19.2, 33.2
- बिलासपुर, 23.0, 33.0
- चंबा, 19.2, 31.5