विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Himachal Weather: चंबा के सलूणी में बादल फटा, मलबे में दब गया कमरे में सो रहा किशोर, 10 गाड़‍ियां बहीं, Video में देखिए हालात

By Rajesh Kumar SharmaEdited By:
Published: Mon, 08 Aug 2022 09:23 AM (IST)Updated: Mon, 08 Aug 2022 01:04 PM (IST)

Chamba Salooni Cloudburst हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। उपमंडल सलूणी की कंधवारा ...और पढ़ें

चंबा के सलूणी में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। भरमौर में पुल टूट गया है।
चंबा के सलूणी में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। भरमौर में पुल टूट गया है।

चंबा, जागरण टीम। Chamba Salooni Cloudburst, हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। उपमंडल सलूणी की कंधवारा पंचायत और पिछला डियूर के गुलेल गांव में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। भडोग गांव में एक मकान भूस्‍खलन की चपेट में आ गया। इस हादसे में कमरे में सो रहे 15 साल के विजय कुमार पुत्र ब्‍यास देव की मौत हो गई। डांड मुहाल के भड़ोग गांव में दस गाड़‍ियां बाढ़ की चपेट में आ गईं। डांड बाजार में दो कारें, दो पिकअप और छह बाइक्स पानी में बह गईं।

कंधवारा में सड़क सहित पुल भी बह गया है। इसके अलावा घराट भी चपेट में आए हैं। लोगों के खेतों में पानी व मलबा भर गया है। डियूर के गुलेल गांव में लोगों के घरों में पानी व मलबा घुस गया है। इसके अलावा सलूणी के चकाेली में नाले में आई बाढ़ से नुकसान हुआ है।

चकोली में एक मकान क्षतिग्रस्‍त हो गया है। इसके अलावा भरमौर उपमंडल के तहत प्रंघाला नाला में निर्माणाधीन पुल क्षतिग्रस्‍त हो गया है। पहाड़ी से भारी भरकम चट्टानें पुल पर आ गिरीं, जिससे पुल टूट कर गिर गया है। प्रशासन अलर्ट हो गया है व लोगों की मदद के लिए फील्‍ड में पहुंच गया है। चंबा-हड़सर-मणिमहेश मार्ग पर एक पुल क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते दर्जनों वाहन फंस गए हैं। हालांकि वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त तीसा उपमंडल में भी बारिश ने खूब तबाही मचाई है। 

सलूणी में चार पुलियां व तीन घराट बहे

बादल फटने के कारण चार पुलियों के साथ तीन घराट बह गए। एक कार मलबे में दब गई। हालांकि किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। इसके साथ ही घरों व बाजार में पानी भी घुस गया। बादल फटने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। बादल फटने के कारण भारी मात्रा में मलबा पानी के साथ बहने लगा, जिससे तबाही का मंजर पैदा हो गया। बादल फटने के कारण ग्राम पंचायत कंधवारा के सैणी व सरेई, किहार पंचायत के किहार व चकोली तथा पिछला डियूर के गुलेल गांव में अधिक नुकसान होने की सूचना है।

किहार में कार मलबे में दबी, घर खाली करवाया

किहार के चकोली में एक कार मलबे में दब गई है। इसके साथ ही लोगों के घरों में पानी घुसा है तथा डांड बाजार में भारी मात्रा में पानी घुसने से काफी नुकसान बताया जा रहा है। प्रशासन ने बादल फटने के बाद गुलेल गांव में सुरक्षा के लिहाज से घरों को खाली करवा दिया है। बादल फटने के बाद स्थानीय लोग बुरी तरह से सहम गए हैं। उपमंडल सलूणी में कितना नुकसान हुआ है। इसका सही पता प्रशासन की ओर से रिपोर्ट तैयार करने के बाद ही हो पाएगा।

चंबा-तीसा मार्ग बंद

वहीं, भारी वर्षा के चलते चंबा-तीसा मार्ग रखालू मंदिर के पास भारी मात्रा में पानी आने के चलते बाधित हो गया है। बारिश का दौर जारी होने के कारण वाहनों की आवाजाही ठप हो गई है।

क्‍या कहता है प्रशासन

तहसीलदार सलूणी पवन ठाकुर का कहना है उपमंडल सलूणी के किहार, डियूर सहित अन्य स्थानों पर भारी नुकसान होनी की सूचना मिली है। इसके बाद प्रशासन ने बचाव व राहत कार्य शुरू करवा दिया है। सभी पंचायतों से नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है। लोगों को सुरक्षित रहने को कहा गया है।