ऊना के पनोह में तेज रफ्तार कार सवार ने युवक को रौंदा, विपरीत दिशा से आ रही बस के साथ भी टक्कर
Una Road Accident जिला ऊना के पनोह में तेज रफ्तार कार सवार ने एक युवक को रौंद दिया। 18 वर्षीय युवक की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। मृतक संजय कुमार पुत्र राम कुमार उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और क्षेत्र में ही मेहनत मजदूरी करता था।
ऊना, जागरण संवाददाता। Una Road Accident, जिला ऊना के पनोह में तेज रफ्तार कार सवार ने एक युवक को रौंद दिया। 18 वर्षीय युवक की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। मृतक संजय कुमार पुत्र राम कुमार उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और क्षेत्र में ही मेहनत मजदूरी करता था। हादसे की पुष्टि एएसपी ऊना प्रवीण धीमान ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करने लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब सवा आठ बजे संजय कुमार सड़क किनारे पैदल ही काम पर जा रहा था। इसी बीच पनोह में हनुमान मंदिर के पास अम्ब की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे रौंद दिया। ऊना की तरफ से आ रही एक बस के साथ कार सवार की टक्कर हो गई। बताया जा रहा है इस बीच युवक भी दोनों वाहनों के बीच आ गया
हादसे में बुरी तरफ से जख्मी हुए मजदूर संजय कुमार को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। यहां पर चिकित्सक ने जांच करने पर उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, पुलिस अधीक्षक ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने हादसे की सूचना मिलने पर हादसे में शामिल वाहन को कब्जे में लेकर आरोपित चालक के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।