Himachal: धूप में निखरे बर्फ से ढके पर्यटन स्थल, अटल टनल बहाल होते ही लाहुल पहुंचे सैलानी, देखिए तस्वीरें
Himachal Pradesh Snow Destinations हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात के बाद पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ बढ़ने लगी है। बर्फ से ढके पर्यटन खिली धूप में निखर उठे हैं। अटल टनल रोहतांग बहाल होने से पर्यटक सीधे लाहुल पहुंच गए।
मनाली, जागरण टीम। Himachal Pradesh Snow Destinations, हिमाचल प्रदेश में भारी हिमपात के बाद पर्यटन स्थल खिली धूप में निखर उठे हैं। अटल टनल रोहतांग भी पर्यटकों के लिए बहाल कर दी गई है। बुधवार को पर्यटक धूप खिलते ही लाहुल की वादियों में पहुंच गए। खिली धूप में चंद्रा नदी के किनारे बर्फ में पर्यटकों ने खूब मस्ती की। बर्फ से ढके पहाड़ व कलकल बहती नदी का सुंदर नजारा पर्यटकों की सारी थकान मिटा रहा है। बर्फ से ढकी सुंदर लाहुल घाटी को निहारने के लिए सैलानियों में भारी उत्साह है।
सोलंगनाला व गुलाबा में भी पर्यटकों की भीड़
पर्यटन स्थल सोलंगनाला, गुलाबा व अटल सुरंग के नार्थ पोर्टल में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। कुछ एक पर्यटक फोर व्हील ड्राइव वाहनों में अटल सुरंग के नार्थ पोर्टल सहित सिस्सू जा पहुंचे। ताजा बर्फ़बारी होने के बाद पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटन कारोबार बढ़ने लगा है। हर रोज मनाली आने वाले पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी हो रही है।
पर्यटकों की आम बढ़ी
पर्यटन करोबारी सुरेन्द्र व दीपक ने बताया कि ताजा बर्फ़बारी के बाद मनाली में पर्यटकों की आमद बढ़ी है। उन्होंने बताया इस बार विंटर सीजन के बेहतर रहने की उम्मीद है।
चंद्रताल झील पर्यटकों के लिए बंद
दूसरी ओर चंद्रताल झील अब अधिकारिक तौर पर पर्यटकों के लिए बंद हो गई है। पर्यटक अब अगले साल ही चंद्रताल झील के दीदार कर सकेंगे। चंद्रताल झील का मार्ग अब बर्फबारी के कारण बंद हो गया है। यहां तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
मनाली लेह मार्ग की बहाली शुरू
मौसम साफ होता देख बीआरओ ने मनाली-लेह मार्ग की बहाली शुरू कर दी है। बीआरओ की माने तो जब तक संभव हो सकेगा तब तक मनाली लेह मार्ग में ट्रैफ़िक को सुचारू रखने के प्रयास किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: Himachal Weather Update: बर्फीली हवाओं से ठिठुरा हिमाचल, फिर बादल छाए, जानिए मौसम का ताजा अपडेट
मौसम पर निर्भर रहेगी अटल टनल की ओर आवाजाही
एसडीएम मनाली डा. सुरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि सोलंग नाला पर्यटकों का स्नो प्वाइंट बना है। फोर व्हील ड्राइव वाहनों में पर्यटक अटल सुरंग रोहतांग तक जा रहे हैं। रोजाना टनल की ओर वाहनों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी।