VIDEO: बर्फ से ढके रोहतांग दर्रा की सैर करना अब नहीं आसान, छह दिन के लिए हुई एडवांस बुकिंग, पढ़ें खबर
Rohtang Pass Permit Booking अगर आप मनाली घूमने आ रहे हैं और अपने वाहन में रोहतांग दर्रे में जाना चाहते हैं तो एक सप्ताह पहले एडवांस में परमिट बुक कर लें। पर्यटन नगरी मनाली में समर सीजन ने गति पकड़ ली है।
मनाली, जसवंत ठाकुर। Rohtang Pass Permit Booking, अगर आप मनाली घूमने आ रहे हैं और अपने वाहन में रोहतांग दर्रे में जाना चाहते हैं तो एक सप्ताह पहले एडवांस में परमिट बुक कर लें। पर्यटन नगरी मनाली में समर सीजन ने गति पकड़ ली है। जिस कारण छह दिन के सभी 7200 परमिट एडवांस में बुक हो गए हैं। हालांकि इन दिनों टैक्सी आसानी से मिल रही है। लेकिन रोहतांग जाने वाले वाहनों की सीमित संख्या के कारण टैक्सियां भी आसानी से नहीं मिल पाएंगी। इन दिनों साइट खुलते ही रोहतांग के परमिट पल भर में ही बुक हो रहे हैं।
अटल टनल बनने से हालांकि मनाली आने वाले पर्यटकों को बारालाचा दर्रा व शिंकुला के दीदार आसानी से हो रहे हैं। लेकिन रोहतांग दर्रे की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। दर्रा आज भी सैलानियों की पहली पसंद बना हुआ है। यही कारण है कि वाहनों की संख्या 1200 सीमित हो जाने के बाद मई जून रोहतांग जाने के लिए पर्यटकों को भारी जदोजहद करनी पड़ रही है।
स्थानीय ट्रैवल एजेंट नीरज, सुरेश व दीपक का कहना है कि रोहतांग दर्रे के लिए सीमित वाहनों की संख्या के कारण मनाली के ट्रैवल एजेंट अपने पैकेज नहीं बेच पाए हैं। उन्होंने कहा 15 मई से 30 जून तक हर पर्यटक की पहली पसंद रोहतांग रहता है। लेकिन सीमित परमिट होने के कारण ट्रैवल एजेंटों को पर्यटकों को रोहतांग भेजना मुश्किल हो जाता है।
रोहतांग दर्रे पर बर्फ में पर्यटकों की मस्ती#Rohtangpass @JagranNews @DainikHim @mygovhimachal #Himachaltourism pic.twitter.com/wZW0mJuQOj— Rajesh Sharma (@sharmanews778) May 18, 2022
हिम आंचल टैक्सी यूनियन के प्रधान पूर्ण चन्द पोहलु ने कहा कि समर सीजन में रोहतांग दर्रे के लिए 1200 परमिट ऊंट के मुंह मे जीरे के बराबर है। उन्होंने कहा कोरोना के कारण टैक्सी आपरेटरों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। अब काम चल पड़ा है तो सीमित परमिट परेशानी का कारण बन गए हैं। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि विशेषकर मई जून के लिए इस संख्या को बढ़ाया जाए। साथ ही मंगलवार को भी दर्रा सैलानियों के लिए बहाल रखा जाए।
एसडीएम मनाली डाक्टर सुरेन्द्र ठाकुर ने कहा इन दिनों रोहतांग जाने वाले पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी हुई है। एनजीटी के आदेशानुसार हर रोज 1200 पर्यटक वाहन भेजे जा रहे हैं, जिनमें 400 डीजल व 800 पैट्रोल इंजन वाहन शामिल हैं।
स्थानीय विधायक एवं हिमाचल सरकार के शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा हाल ही में रोहतांग दर्रे का दौरा किया है। सभी पर्यटन गतिविधियों को व्यवस्थित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। रोहतांग के लिए मई जून में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।