हिमाचल पुलिस पेपर लीक मामले में एक और बाप-बेटा गिरफ्तार, अर्की से ही वायरल हुआ था चैट का वीडियो
Himachal Pradesh Police Paper Leak हिमाचल प्रदेश कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले का मंडी से एक और लिंक जुड़ गया है। बिलासपुर पुलिस को मिले सुराग के आधार पर सोलन पुलिस ने इस संबंध में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
शिमला/सोलन, जागरण टीम। Himachal Pradesh Police Paper Leak, हिमाचल प्रदेश कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले का मंडी से एक और लिंक जुड़ गया है। बिलासपुर पुलिस को मिले सुराग के आधार पर सोलन पुलिस ने इस संबंध में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ये बिलासपुर की तरह बाप व बेटा हैं। इस युवक को भी पेपर होने से पहले मंडी में एक हाल में आधी रात को उत्तर रटाए गए थे। इसके साथ दूसरा अभ्यर्थी बिलासपुर का है, जो गिरफ्तार हो चुका है। आरोपित युवक का पिता बद्दी में फैक्टरी में वर्कर है। उसने परीक्षा से पहले साढ़े चार से पांच लाख रुपये दिए थे। यह सौदा शिमला में रहने वाले मंडी के दलाल के माध्यम से हुआ। यह दलाल भी बिलासपुर पुलिस की गिरफ्त में है। अब सोलन पुलिस भी उससे पूछताछ कर सकती है।
वहीं बाप-बेटे की गिरफ्तारी सोलन के अर्की से हुई है। सोलन के एसपी वीरेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। आरोपित युवक ने परीक्षा में अच्छे अंक लिए हैं, लेकिन सामान्य ज्ञान के मामले में यह भी कमजोर बताया गया है। सोलन पुलिस अब तक छह आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। पांच आरोपित काफी पहले पकड़े गए थे, लेकिन उनके खिलाफ तब सुबूत नहीं मिल पाए थे।
अर्की में वायरल हुआ था वीडियो
सोलन जिले के अर्की से ही पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा से कई दिन पहले इंटरनेट मीडिया में चैट का वीडियो वायरल हुआ था। इनमें लेनदेन की बातें हो रही थी। तब राज्य पुलिस से इसे गंभीरता से नहीं लिया था। बाद में मामला सामने आने पर पुलिस ने अर्की में केस दर्ज कर लिया था।