कांगड़ा में प्रेमी की निकली बरात तो तलाकशुदा महिला ने फंदा लगाकर दे दी जान
Himachal Pradesh Crime News हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में एक तलाकशुदा महिला ने प्यार में धोखा मिलने पर फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक महिला कोतवाली बाजार धर्मशाला की रहने वाली थी और कांगड़ा में ब्यूटी पार्लर का कार्य करती थी।
कांगड़ा, संवाद सहयोगी। Himachal Pradesh Crime News, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में एक अलग तरह का मामला सामने आया है। एक तलाकशुदा महिला ने प्यार में धोखा मिलने पर फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक महिला कोतवाली बाजार धर्मशाला की रहने वाली थी और कांगड़ा में ब्यूटी पार्लर का कार्य करती थी। पुलिस ने केस दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए टांडा अस्पताल भेज दिया है। पुलिस उपाधीक्षक कांगड़ा सुनील राणा ने बताया कि सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है और इसके आधार पर छानबीन शुरू कर दी है।
महिला का 2013 में पति से तलाक हो गया था और वह कांगड़ा के छोटी हलेड़ पंचायत के जोगीपुर में किराये के मकान में रहती थी। इस दौरान महिला कांगड़ा के एक स्थानीय युवक के संपर्क में आई और दोनों ने जीवनभर साथ निभाने का वादा किया। बताया जा रहा है कि महिला ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला भी दर्ज करवाया था और इन दिनों युवक जमानत पर रिहा है। बताया जा रहा है 35 वर्षीय महिला के साथ युवक के काफी समय से संबंध थे।
बताया जा रहा है कि बुधवार को युवक की बरात निकली तो महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं, महिला के स्वजनों का आरोप है कि बुधवार को युवक की बरात निकली थी जिससे क्षुब्ध होकर महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। स्वजन ने आरोप लगया कि उनकी बेटी ने झूठे वादों, प्रताड़ना व दूसरी जगह पर शादी होने की बात पर इतनी परेशान हो गई थी जिससे उसने अपनी जीवन लीला समाप्त करने का फैसला ले लिया।
घर पर फंदे से लटका मिला कारोबारी का शव
शिमला। राजधानी शिमला में एक कारोबारी का शव घर पर फंदे से लटका मिला है। इस घटना के बाद से कारोबारी का परिवार स्तब्ध है। यह घटना बालूगंज थाना के अंतर्गत तवी मोड़ टुटू में सामने आई। मृत कारोबारी की पहचान विक्रम ठाकुर (35) के तौर पर हुई है। वह शिमला शहर से सटे कायना गांव का मूल निवासी था। विक्रम की वाहन रिपेयर की वर्कशाप थी और शादीशुदा था। बालूगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की है। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टि में यह आत्महत्या का मामला पाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।