Himachal Election 2022: कांग्रेस की चेतावनी, 29 अक्टूबर तक माने तो ठीक नहीं तो...
Himachal Pradesh Assembly Election 2022 हिमाचल कांग्रेस में टिकट को लेकर विवाद अब खत्म हो गया है लेकिन कई जगह नेताओं में असंतोष है। पार्टी ने नामांकन के अंतिम दिन हमीरपुर से प्रत्याशी की घोषणा भी कर दी। कई जगह असंतुष्ट नेताओं ने बतौर आजाद प्रत्याशी नामांकन किया है।

शिमला, अनिल ठाकुर। Himachal Pradesh Assembly Election 2022, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में टिकट को लेकर विवाद अब खत्म हो गया है, लेकिन कई जगह नेताओं में असंतोष है। पार्टी ने नामांकन के अंतिम दिन मंगलवार को हमीरपुर से प्रत्याशी की घोषणा भी कर दी। कई जगह असंतुष्ट नेताओं ने बतौर आजाद प्रत्याशी नामांकन किया है। पार्टी के बड़े नेता इन्हें मनाने में जुट गए हैं। 29 अक्टूबर नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि है। असंतुष्ट नेता यदि इस दिन तक नहीं मानते हैं तो उनके खिलाफ पार्टी अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी। पार्टी का कहना है कि 29 से पहले मानने वालों को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
प्रतिभा व सुक्खू पर नाराज नेताओं को मनाने का जिम्मा
पार्टी की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को नाराज नेताओं से बात करने को कहा है। पार्टी का कहना है कि जब संगठन की लंबे समय तक सेवा की है तो चुनाव में अधिकृत प्रत्याशी के साथ चलना चाहिए। उधर, प्रतिभा सिंह व सुक्खू ने जिलों के दौरे शुरू कर दिए हैं।
पच्छाद से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर ने आजाद प्रत्याशी के तौर पर नामांकन किया है। चौपाल में भी पूर्व विधायक डा. सुभाष मंगलेट व ठियोग में विजयपाल सिंह खाची ने आजाद प्रत्याशी के तौर पर नामांकन पत्र भरा है। शिमला शहरी, झंडूता, गगरेट आदि विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस के कई दिग्गज टिकट न मिलने से नाराज हैं। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी और कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर को भी टिकट नहीं मिला है।
कांग्रेस नेताओं को सौंपी प्रचार की जिम्मेदारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने चुनाव प्रचार के लिए नेताओं की ड्यूटी लगाई है। प्रदेश उपाध्यक्ष पुष्पराज शर्मा को मंडी सदर विधानसभा क्षेत्र, प्रदेश सचिव विकास चौहान को रामपुर, पूर्व राज्य संगठक कांग्रेस सेवादल संतोष डोगरा व संजीव कुमार को शिमला शहर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।