विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नशा तस्करी कर खरीद लिए होटल और गाड़ियां, नूरपुर पुलिस ने 3.32 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी जब्त की

By Dinesh Katoch Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 10 Sep 2026 12:54 PM (IST)Updated: Thu, 10 Sep 2026 01:18 PM (IST)

नूरपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी बलविंदर उर्फ बिल्ला की 3.32 ...और पढ़ें

नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा पत्रकारों से बातचीत करते हुए। जागरण

नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा पत्रकारों से बातचीत करते हुए। जागरण

HighLights

  1. नूरपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

  2. एक आरोपी की 3.32 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त।

  3. होटल, दुकानें, वाहन और बैंक खाते फ्रीज किए गए।

संवाद सहयोगी, नूरपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में पुलिस जिला नूरपुर ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपित की करीब 3.32 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करवाई है। नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने वीरवार को पुलिस जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली ने जिला पुलिस नूरपुर की वित्तीय जांच को सही मानते हुए आरोपित की नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति की जब्ती की पुष्टि की।

29 दिसंबर 2025 को पुलिस थाना डमटाल में आरोपित बलविंदर उर्फ बिल्ला निवासी गांव छन्नी, तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा को नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। आरोपित के कब्जे से 1 किलो 852 ग्राम चरस बरामद की गई थी। 

होटल, दुकानें व गाड़ियां फ्रीज

उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की चल-अचल संपत्तियों की वित्तीय जांच की। जांच में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित आय से जुड़ी संदिग्ध संपत्तियों की पहचान की गई। इसके बाद संबंधित अचल संपत्तियों, होटल-कम-रेस्तरां, दुकानों, मोटर वाहनों तथा बैंक खातों में उपलब्ध धनराशि को अस्थायी रूप से फ्रीज-प्रतिबंधित किया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में आरोपित की कुल संपत्ति 3 करोड़ 32 लाख 32 हजार 362 रुपये आंकी गई थी। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस नूरपुर ने वित्तीय जांच के आधार पर रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली को भेजी। सक्षम प्राधिकारी ने आदेश संख्या 9 सितंबर 2026 के माध्यम से नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति की जब्ती की पुष्टि की।

17 मामलों में करीब 30 करोड़ की संपत्ति जब्त

इस वर्ष 10 सितंबर तक जिला पुलिस नूरपुर ने नशे के अवैध कारोबार में शामिल आरोपियों के खिलाफ दर्ज कुल 17 अभियोगों में 29 करोड़ 95 लाख 92 हजार 857 रुपये की की संपत्ति जब्त की गई है। इसके अलावा कुछ अन्य मामले सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली के समक्ष विचाराधीन हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में अब घरों से चिट्टा तस्करी का खेल, मंडी में 5 लोग पकड़े; रसोईघर में डिब्बे में छिपाकर रखी थी खेप