हिमाचल में अब घरों से चिट्टा तस्करी का खेल, मंडी में 5 लोग पकड़े; रसोईघर में डिब्बे में छिपाकर रखी थी खेप
हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्कर अब अपने घरों से ही यह धंधा चला रहे हैं। मंडी और जोगेंद्रनगर में पुलिस ...और पढ़ें

मंडी में एसटीएफ की ओर से गिरफ्तार चिट्टा तस्कर।
HighLights
हिमाचल में अब घरों से हो रही चिट्टा तस्करी।
मंडी और जोगेंद्रनगर से पांच तस्कर 28.18 ग्राम चिट्टे सहित पकड़े।
एक आरोपित ने रसोईघर में छिपाकर रखी थी चिट्टे की खेप।
जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करों ने अब अपने घरों से ही चिट्टा तस्करी आरंभ कर दी है। स्टेट टॉस्क फोर्स और पुलिस ने इसी पर नकेल कसते हुए अब मंडी और जोगेंद्रनगर में दो जगह दबिश देकर 28.18 ग्राम चिट्टे सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य मामले में गाड़ी सवारों से आठ ग्राम चिट्टा पकड़ा गया है।
पहले मामले में स्टेट टास्क फोर्स की टीम को सूचना मिली थी की मंदलोग का रहने वाला 39 वर्षीय गुलाब सिंह उर्फ बंशू अपने घर से ही चिट्टा तस्करी कर रहा है। एसटीएफ ने जब उसके घर में दबिश दी तो रसोई घर में आरोपित ने एक खाने की सामग्री की डिब्बे में चिट्टा छिपाकर रखा था।
इसकी मात्रा 17 ग्राम निकली। साथ ही टीम ने मौके पर एक छोटी बेईंग मशीन तथा एक इंजेक्शन सीरींज भी बरामद की है। आरोपित को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
जोगेंद्रनगर में घर से 4 लोग पकड़े
वहीं दूसरे मामले में नगर परिषद जोगेंद्रनगर में भी एक घर में दबिश देकर 11.48 ग्राम चिट्टे सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गौरव, संदीप, विक्रम बख्शी सभी निवासी जोगेंद्रनगर और चाथे की देशराज निवासी बलोहल सैंथल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से जले हुए नोट, सीरींज, मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
बताया जा रहा है कि चारों पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं और जमानत पर चल रहे थे।
टारना में पिकअप सवारों से नशे की खेप पकड़ी
तीसरे मामले में पुलिस ने शहर में टारना रोड पर एक पिकअप गाड़ी एचपी 54 बी 8803 में सवार दो लोगों से 8.8 ग्राम चिट्टा पकड़ा है। इनमें एक आरोपित भागने में कामयाब हो गया, जबकि दूसरे की पहचान आरोपित विक्रांत सिंह निवासी गांव कैरियां डाकघर व तहसील जवाली जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
