हिमाचल सरकार के चार साल: पीएम मोदी के स्वागत के लिए नाचते गाते मंडी पहुंचे कार्यकर्ता, देखिए तस्वीरें
Himachal Govt Anniversary हिमाचल प्रदेश सरकार ने चार साल पूरे होने पर मंडी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं से लेकर मोदी समर्थकों में अपने नेता को सुनने की उत्सुकता रही। भाजपा कार्यकर्ता ढोल की थाप पर नाचते गाते हुए आयोजन स्थल पर पहुंचे।
मंडी, जेएनएन। Himachal Govt Anniversary, हिमाचल प्रदेश सरकार ने चार साल पूरे होने पर मंडी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं से लेकर मोदी समर्थकों में अपने नेता को सुनने की उत्सुकता रही। भाजपा कार्यकर्ता ढोल की थाप पर नाचते गाते हुए आयोजन स्थल पर पहुंचे। मंडी शहर सुबह आठ बजे से नरसिंगें की ध्वनि से गुंजायमान हो उठा। सुबह धुंध के छंटने और सूरज के बढ़ने के साथ-साथ लोगों की भीड़ भी बढ़ती गई। कड़ी सुरक्षा के बीच लोग पंडाल में पहुंचे। एसपीजी ने कड़ा सुरक्षा घेरा बनाया है। इसके अलावा हिमाचल पुलिस व होमगार्ड के दो हजार से ज्यादा जवान तैनात हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए मंडी के पड्डल मैदान में मौजूद बजंतरी। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों से मंडी शहर सुबह से गूंज उठा। किसी भी शुभ कार्य में बजंतरी यह वाद्य यंत्र बजाते हैं। यहां 200 बजंतरी ने एक साथ वाद्य यंत्र बजाए।
मौसम विभाग ने आज बारिश की संभावना जताई थी। इस कारण लोग इस पशोपेश में थे कि बारिश होने की स्थिति में वह कार्यक्रम में कैसे जाएंगे। लेकिन सुबह धुंध छंटने के साथ जैसे ही धूप निकली लोगों की भीड़ बढ़ गई। पड्डल मैदान में लोगों की भीड़ बढ़ने पर एक गेट पर आवाजाही रोकनी पड़ी। सुरक्षा कर्मी पूरी जांच के बाद ही पंडाल में प्रवेश दे रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सुनने के लिए पारंपरिक वेषभूषा में कुल्लू जिला से मंडी पहुंची महिलाएं। कुल्लू, मंडी सहित लाहुल स्पीति के काजा और शिमला के रामपुर से भी लोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे।
हिमाचल सरकार के चार साल के जश्न के लिए मंडी पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता हाथों में पीएम मोदी के फोटो व झंडे लिए पड्डल मैदान में नाटी डालते हुए। यहां दूरदराज के कार्यकर्ता तड़के ही पहुंच गए थे, कुछ कार्यकर्ता रात को मंडी पहुंच गए थे।