Himachal Election: चुनावी वेला में नैया पार लगाने के लिए नवरात्र में माता के दरबार नेताजी, ज्वालाजी में नतमस्तक
Himachal Election 2022 हिमाचल प्रदेश में नवरात्र के साथ चुनावी सरगर्मी भी तेज हो गई है। चुनावी वेला में नेता माता के दरबार में हाजिरी भरने पहुंच रहे हैं। चुनाव लड़ने के इच्छुक संभावित प्रत्याशी नवरात्र में मां दुर्गा के दरबार में हाजिरी भरने लगे हैं।
ज्वालामुखी, जागरण टीम। Himachal Election 2022, हिमाचल प्रदेश में नवरात्र के साथ चुनावी सरगर्मी भी तेज हो गई है। चुनावी वेला में नेता माता के दरबार में हाजिरी भरने पहुंच रहे हैं। चुनाव लड़ने के इच्छुक संभावित प्रत्याशी नवरात्र में मां दुर्गा के दरबार में हाजिरी भरने लगे हैं। शरद कालीन नवरात्र का विधिवत शुभारंभ हुआ तो इसके साथ ही चुनाव लड़ने के इच्छुक भी मंदिर पहुंच गए और मां की पवित्र ज्योतियों के दर्शन कर विजयश्री के लिए प्रार्थाना व पूजा अर्चना की। विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री ज्वालाजी मंदिर में विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक कई संभावित प्रत्याशियों ने शीश नवाया। मां के दरबार में हाजिरी लगाकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया और मां से चुनावों में विजय श्री प्रदान करने की प्रार्थना की। चुनावी वेला में नेता नवरात्र के शुभ अवसर पर माता के आशीर्वाद के साथ प्रचार अभियान में जुट गए हैं।
कांग्रेस पार्टी के महासचिव और पूर्व विधायक संजय रतन ने समर्थकों सहित मां ज्वालाजी के मंदिर में पहुंचकर पहले नवरात्र में माथा टेक कर मां से आशीर्वाद प्राप्त किया और चुनाव प्रचार का श्रीगणेश कर दिया। वहीं ज्वालामुखी के विधायक रमेश धवाला ने मां के मंदिर में पहुंचकर नवरात्रों का विधिवत पूजा अर्चना कर झंडा चढ़ाने की रस्म अदा की।
ओबीसी आयोग के अध्यक्ष रामलोक धनोतिया, धर्मशाला के विधायक विशाल नेहरिया, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा, जिला भाजपा महामंत्री एडवोकेट अभिषेक उपाध्याय व अन्य नेताओं सहित मां ज्वालाजी के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद पाया। उधर आम आदमी पार्टी के नेता अमित कपूर ने भी मां ज्वालाजी का आशीर्वाद प्राप्त किया और आज से ही चुनाव प्रचार शुरू करने का ऐलान किया है।
कांग्रेस आज जारी कर सकती है पहली सूची
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दिल्ली में आज सोनिया गांधी की अध्यक्षता में बैठक होने जा रही है। कांग्रेस आज पहली सूची जारी कर सकती है। पहली सूची में 47 नामों की लिस्ट बनाई गई है। लेकिन बताया जा रहा है 25 नामों पर ही आज मुहर लग सकती है।
नवंबर में हो सकते हैं चुनाव
हिमाचल प्रदेश में नवंबर के दूसरे या तीसरे सप्ताह में चुनाव हो सकते हैं। दिसंबर में सर्दी का मौसम आने के कारण भारी बर्फबारी का दौर शुरू हो जाता है। इस कारण चुनाव आयोग नवंबर में ही चुनाव करवा सकता है।