हिमाचल कांग्रेस ने कम किए जिले और ब्लॉक, कल धर्मशाला में होगी उपचुनाव में हुई हार की समीक्षा
हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा राज्य में अब पार्टी के जिला अध्यक्षों की संख्या 13 होगी जबकि ब्लॉक अध्यक्ष अब 72 होंगे।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा राज्य में अब पार्टी के जिला अध्यक्षों की संख्या 13 होगी, जबकि ब्लॉक अध्यक्ष अब 72 होंगे। इससे पहले कांग्रेस ने 17 जिलाध्यक्ष और 85 ब्लॉक अध्यक्ष चुने हुए थे। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यकाल में बनाए गए जिला अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्षों की संख्या को कम कर समाप्त कर दिया है। प्रदेश के 12 जिलों में 12 जिलाध्यक्ष और शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में एक और जिलाध्यक्ष होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा किस तरह के जिलाध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष लगाए जाएंगे, इसकी हाईकमान ने भी मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, इसको लेकर चर्चा चल रही है। केंद्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विशाल जन आंदोलन 14 दिसंबर को दिल्ली में होने वाला है। उसके लिए रणनीति तैयार की जा रही है और काफी तादाद में कार्यकर्ता हिमाचल से दिल्ली जाएंगे।
कल धर्मशाला में होगी उपचुनाव की हार की समीक्षा
धर्मशाला उपचुनाव में पार्टी की हार और उसके कारणों के लिए गठित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश कांग्रेस सहप्रभारी गुरकीरत सिंह की अध्यक्षता वाली समिति बुधवार चार दिसंबर को धर्मशाला के सर्किट हाउस में पार्टी नेताओं से मिलेगी। इस दौरान पूर्व विधायक समिति के सदस्य अजय महाजन व कुलदीप सिंह पठानिया भी उपस्थित रहेंगे। समिति सुबह 11 बजे धर्मशाला सर्किट हाउस में कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मिलेगी और उपचुनाव के दौरान हार के कारणों की पूरी जानकारी एकत्र करेगी। प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सहप्रभारी गुरकीरत सिंह विशेष तौर पर यहां पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर यहां संगठन की मजबूती के लिए उनके विचारों को भी सुनेंगे। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को इस विशेष बैठक में सम्मिलित होने को कहा गया है।