हिमाचल उपचुनाव: नाम वापसी का आज अंतिम दिन, साफ हो जाएगी प्रत्याशियों की तस्वीर, बरागटा पर निगाहें
Himachal By Elections हिमाचल प्रदेश उपचुनाव में प्रत्याशियों के नाम वापसी का आज आखिरी दिन है। मंडी संसदीय सीट व तीन विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए आज चुनावी तस्वीर साफ हो जाएगी। दोपहर बाद तीन बजे तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
शिमला, धर्मशाला, जेएनएन। Himachal By Elections, हिमाचल प्रदेश उपचुनाव में प्रत्याशियों के नाम वापसी का आज आखिरी दिन है। मंडी संसदीय सीट व तीन विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए आज चुनावी तस्वीर साफ हो जाएगी। दोपहर बाद तीन बजे तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। चारों सीटों पर अभी 18 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। मंडी संसदीय सीट से छह प्रत्याशी मैदान में हैं। मंडी में भाजपा के ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर, प्रतिभा सिंह कांग्रेस, मुंशी राम राष्ट्रीय जनक्रांति पार्टी, अंबिका श्याम राष्ट्रीय लोक नीति पार्टी, सुभाष मोहन स्नेही आजाद व अनिल कुमार भी आजाद मैदान में हैं।
इसके अलावा जुब्बल कोटखाई में भाजपा की नीलम सरैक व कांग्रेस रोहित ठाकुर के अलावा बीजेपी के बागी हुए चेतन बरागटा मैदान में हैं। फतेहपुर में भी तिकोना मुकाबला है। यहां कांग्रेस के भवनी पठानिया, भाजपा के बलदेव ठाकुर और आजाद राजन सुशांत मैदान में हैं। अर्की विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के संजय अवस्थी और भाजपा के रत्न सिंह पाल में मुकाबला है। इसके अलावा आजाद प्रत्याशी भी भाग्य आजमा रहे हैं। आज दोपहर बाद तस्वीर साफ हो जाएगी कि चुनावी रण में कौन रहेगा।
चेतन बरागटा पर लगीं सबकी निगाहें
जुब्बल कोटखाई से भाजपा के बागी प्रत्याशी चेतन बरागटा पर सबकी नजर लगी हुई है। नाम वापसी के अंतिम दिन नाम वापस न लेने पर चेतन बरागटा व मंडल के पदाधिकारियों पर भाजपा कार्रवाई कर सकती है। चुनाव चिन्ह मिलते ही पार्टी की ओर से कार्रवाई की जाएगी। भाजपा हाईकमान की ओर से फील्ड से रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।