Article 370: भाजपा नेता बोले- देशहित में ऐतिहासिक फैसला, कांग्रेस के इस विधायक ने भी की सराहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की ओर से जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 व 35A हटाए जाने के के संबंध में की गई कार्रवाई पर हिमाचल प्रदेश की भाजपा में जश्न का माहौल है।
धर्मशाला, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की ओर से जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 व 35A हटाए जाने के के संबंध में की गई कार्रवाई पर हिमाचल प्रदेश की भाजपा में जश्न का माहौल है। भाजपा नेताओं ने इस फैसले को लेकर ऐतिहासिक व देशहित में बताया। लेकिन कांग्रेस के अधिकतर नेता इस फैसले पर टिप्पणी करने से कन्नी काट गए। पूर्व अध्यक्ष से लेकर सचिव या किसी भी पदाधिकारी ने इस मामले में कोई भी बयान देर शाम तक नहीं दिया। हालांकि, देर शाम पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र एवं शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह ने अनुच्छेद 370 को हटाने का स्वागत किया है। साथ ही उन्होंने इतने बड़े प्रांत को पूर्ण राज्य का दर्जा न दिए जाने की आलोचना भी की। उन्होंने कहा इतने बड़े प्रांत को केंद्र से चलाना आसान नहीं होगा। ऐसे में जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलना चाहिए था।
मोदी और शाह बधाई के पात्र : जयराम ठाकुर
जम्मू-कश्मीर में होगा विकास का प्रवाह : धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा मोदी सरकार का यह ऐतिहासिक फैसला है। प्रधानमंत्री मोदी ने चुनावी वादा भी पूरा किया है। दूरगामी परिणाम के सवाल पर कहा कि क्षेत्र में विकास का प्रवाह होगा। हिमाचल भाजपा के सह मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा ने कहा एक देश एक झंडा मोदी सरकार का देशहित में बड़ा फैसला है। जो राजनीतिक दल 70 वर्ष से इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे थे, उनकी दुकानदारी भी बंद हुई है। हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा यह भारतीय लोकतंत्र का स्वर्णिम दिन है। कांग्रेस द्वारा की गई एक ऐतिहासिक भूल को सुधारते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से किए वादे को न केवल पूरा किया, बल्कि अखंड भारत के निर्माण की नींव रख दी है।
सुरेश चंदेल ने भी सराहा फैसला
हाल ही में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए बिलासपुर के नेता सुरेश चंदेल ने भी आर्टिकल 370 हटाने का स्वागत किया है। उन्होंने इस कदम को स्थायी समाधान बताया है। उन्होंने कहा सभी देशवासियों का एक देश, एक विधान व एक संविधान और एक निशान का सपना आज पूरा हुआ है।
पूर्व सीपीएस नीरज भारती ने इस तरह की तारीफ
उधर, पूर्व सांसद एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्र कुमार के पुत्र एवं पूर्व सीपीएस नीरज भारती ने मोदी सरकार के इस फैसले की तारीफ की है। उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट में लिखा है 'मोदी सरकार ने छह साल में पहला ढंग का काम किया है, बधाई हो मोदी सरकार को... ईवीएम के बूते चुनाव जीत कर चलो कुछ तो सही काम किया, वरना कांग्रेस तो यह कभी ना कर पाती।'
गगल में बांटे लड्डू
भाजपा पदाधिकारी इस कार्रवाई को देश की ऐतिहासिक जीत बता रहे हैं। जिला कांगड़ा के गगल स्थित भाजपा कार्यकर्ताओं व व्यापार मंडल सदस्यों ने प्रधान देवेंद्र कुली की अध्यक्षता में जश्न मनाया। गगल चौक पर कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप