हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र के बाद होगा विशेष सत्र, पूर्व विधायकों के सुझाव भी लिए जाएंगे
Himachal Assembly Special Session हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के बाद दो दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन होगा। इसमें पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती कार्यक्रम के संबंध में चर्चा होगी। सत्र जून माह में हो सकता है।
शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Assembly Special Session, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के बाद दो दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन होगा। इसमें पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती कार्यक्रम के संबंध में चर्चा होगी। सत्र जून में हो सकता है। सत्र में क्योंकि पूर्व विधायक अपनी बात नहीं कह सकते हैं, इसलिए उनके अनुभवों का लाभ लेने के लिए सरकार पीटरहॉफ में अलग से कार्यक्रम रखेगी। पूर्व विधायक 'तब और अब तक हिमाचल' पर विचार-विमर्श करेंगे। तब क्या प्रमुख मुद्दे रहते थे, क्या लोगों की आकांक्षाएं थीं और आज वे क्या महसूस करते हैं। ये सभी दलों के होंगे। इसमें प्रदेश को विकास मामले में देश में कैसे अव्वल बनाना है, इसके बारे में गहन मंथन होगा।
पार्टी लाइन से ऊपर उठकर सभी के सुझाव लिए जाएंगे। सरकार पूर्व विधायकों के सुझावों को अपनी नीतियों, कार्यक्रमों का हिस्सा बनाएगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि शिमला विधानसभा का अपना गौरवमयी इतिहास रहा है, इस कारण विशेष सत्र शिमला में होगा। यह जून में होगा, हालांकि अभी तारीख तय नहीं है। उन्होंने कहा कि इसमें राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति अथवा लोकसभा स्पीकर में से किसी एक को न्योता दिया जाएगा। इससे सत्र की गरिमा और बढ़ेगी।