यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हिमाचल में आज से खुलेंगे सभी स्कूल, शिमला में जाम से बचाने के लिए पुलिस ने किया ट्रैफिक ड्यूटी में बदलाव
Himachal school News हिमाचल प्रदेश में आज बुधवार से कक्षा 3 से 7 तक के बच्चे भी नियमित स्कूल आएंगे। ...और पढ़ें

शिमला, जागरण संवाददाता। Himachal school News, हिमाचल प्रदेश में आज बुधवार से कक्षा 3 से 7 तक के बच्चे भी नियमित स्कूल आएंगे। शहर में वाहनों की संख्या बढ़ने के बाद ट्रैफिक जाम लग सकता है। इसे देखते हुए शिमला पुलिस ने ट्रैफिक डयूटी में बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत शहर के ऐसे स्कूल जो सड़क के साथ है वहां पर अतिरिक्त पुलिस जवानों को तैनात कर दिया गया है। ऑकलैंड टनल, हिमलैंड, नवबहार, ताराहॉल, संजौली, ओल्ड बस अड्डे के पास पुलिस बाइकर तैनात कर दिए गए हैं। सुबह और शाम को एक-एक घंटे तक इनकी ड्यूटी इसी लोकेशन के आसपास रहेगी। इसके अलावा एक आईओ स्तर के अधिकारी भी यहां पर तैनात रहेंगे।
पुलिस का तर्क है कि कोरोना में अभिभावक निजी गाड़ियों में ही बच्चों को छोड़ने स्कूल आते हैं। गाड़ियों की संख्या एकदम से बढ़ जाएगी। लोग सड़क के किनारे ही अपनी गाड़ियों को पार्क कर देते हैं। इससे ज्यादा जाम लगता है। कुछ लोग काफी देर के लिए सड़क के किनारे ही गाड़ियों को पार्क कर देते हैं। जिसके चलते यहां पर जाम लगता है और लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके लिए पुलिस ने यह अस्थायी व्यवस्था अपनाई है। डीएसपी ट्रैफिक ने इसको लेकर जवानों को निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
इन प्वाइंट पर भी रहेगी व्यवस्था
शहर में ऐसे स्थान जहां पर जाम लगता है वहां पर भी अतिरिक्त जवान और राइडर लगाए जाएंगे। इसके तहत विक्ट्री टनल से लेकर ताराहॉल, विधानसभा के नीचे, विधानसभा के नीचे से लेकर आरटीओ ऑफिस तक, बालूगंज से लेकर तवी माेड़, छाेटा शिमला से लेकर पुलिस हेडक्वार्टर, संजौली से लेकर सेंट बीड्स, लक्कड़ बाजार से ऑकलैंड टनल और लक्कड़ बाजार बस स्टैंड तक भी अतिरिक्त जवान होंगे। पुलिस ने लोगों से भी आग्रह किया है कि वह सहयाेग करे। सभी ट्रैफिक जवानाें काे निर्देश दिए गए हैं कि वे जाम काे खुलवाने के लिए मुस्तैद रहें ताकि शिमला वासियाें काे परेशानी न हाे।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
डीएसपी ट्रैफिक अजय भारद्वाज ने कहा स्कूल खुलने के बाद ट्रैफिक भी बढ़ जाएगा। बच्चों को लाने व ले जाने के लिए गाड़ियां लगी होती है। कुछ अभिभावक अपनी गाड़ियों में ही बच्चों को लाते व ले जाते हैं। पुलिस ने अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं। लोगों से सहयोग की अपील की है। वे चिन्हित पार्किंग स्थल में ही अपनी गाड़ियों को पार्क करें, सड़क के किनारे गाड़ी पार्क न करें।
