Himachal Weather Update: रोहतांग समेत पहाड़ों पर भारी बर्फबारी, निचले क्षेत्र में बारिश से बढ़ी ठंड
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज भी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मनाली/धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज भी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रोहतांग दर्रे सहित लाहुल व कुल्लू के पहाड़ों में बर्फ़बारी का दौर जारी है। जिला कांगड़ा की धौलाधार की पहाडि़यों पर भी बर्फबारी हो रही है। सुबह निचले इलाकों में बारिश भी हुई। मनाली के पर्यटन स्थलों में भी शुक्रवार से रुक रुककर बर्फ़बारी हो रही है। रोहतांग दर्रा सैलानियों सहित राहगीरों के लिए पूरी तरह से बंद हो गया है। दर्रे पर वाहनों की आवाजाही वीरवार रात से बंद है। रोहतांग दर्रे में तीन फीट से अधिक बर्फ जमा हो गई है। रोहतांग से गुलाबा तक बर्फ़बारी हो रही है, जबकि लाहुल की ओर रोहतांग से कोकसर व गोंदला गांव तक बर्फ़बारी का दौर जारी है।
मनाली आ रहे सैलानी पर्यटन स्थल गुलाबा, फातरू व अंजनी महादेव में बर्फ के फाहों का आनंद ले रहे हैं। सैलानियों की फिलहाल गुलाबा तक भेजा जा रहा है। लेकिन बर्फ़बारी ऐसी ही होती रही तो सैलानियों को कोठी तक ही जाने की अनुमति रहेगी। लगातार हो रही बर्फ़बारी से मनाली में पर्यटकों की चहल कदमी बढ़ी है। पर्यटक मनाली के पर्यटन स्थलों में बर्फ़बारी का आनंद उठा रहे हैं। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने सैलानियों से आग्रह किया कि वो मौसम देखकर ही गुलाबा तक जाएं।
शुक्रवार को हुई बर्फबारी व बारिश के दो राष्ट्रीय राजमार्गो सहित लाहुल स्पीति में 24 संपर्क सड़कें बंद हो गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने के कारण शनिवार को ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले हिमाचल में बारिश की संभावना जताई है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।