Himachal Weather Update: भारी बर्फबारी से ठंड की चपेट में हिमाचल, जानिए मौसम का हाल
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर कड़े बने हुए हैं। शुक्रवार रात को भी बर्फबारी का दौर जारी रहा।
धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में मौसम के तेवर कड़े बने हुए हैं। शुक्रवार रात को भी बर्फबारी का दौर जारी रहा। शनिवार सुबह भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है। पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हुई बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। कुल्लू व लाहुल-स्पीति की चोटियों समेत जिला कांगड़ा में धौलाधार की पहाडि़यां बर्फ से सफेद हो गई हैं। कुल्लू जिला में मनाली के ऊपरी गांव कोठी तक बर्फ पहुंच गई है। रोहतांग दर्रे पर भरी हिमपात होने से वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है।
किन्नौर, चंबा व सिरमौर की पहाडि़यों पर भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। ताजा हिमपात और बारिश से प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने शुक्रवार को आठ जिलों में भारी हिमपात और बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया था। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई थी, लेकिन शनिवार को भी मौसम कड़े तेवर दिखा रहा है। सुबह से ही चोटियों पर हिमपात जारी रहा।
शुक्रवार को सबसे अधिक वर्षा मनाली में रिकॉर्ड की गई। वहां चार मिलीमीटर बारिश हुई। धर्मशाला में दो और कल्पा में 0.6 मिलीमीटर वर्षा हुई। अधिकतम तापमान सोलन में 20.2 और ऊना और नाहन में 20 डिग्री सेल्सियस रहा है। विशेषज्ञों का मानना था कि शनिवार को मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन यह भविष्यवाणी गलत साबित हुई है। हालांकि रविवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई जा रही है। 25 नवंबर से फिर पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से मौसम फिर करवट बदलेगा। 25 और 26 नवंबर को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात और निचले इलाकों में बारिश होने की संभावना है।