Snowfall: पर्यटन स्थलों पर छाई बर्फ की सफेदी, अटल टनल व सोलंग में भारी बर्फबारी, देखिए तस्वीरें
Snowfall in Himachal अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर भारी बर्फबारी का दौर जारी है। लाहुल की ओर नार्थ पोर्टल में आधा फीट से ज्यादा जबकि मनाली की ओर साउथ पोर्टल पर एक फीट बर्फ पड़ चुकी है।
मनाली, जेएनएन। Snowfall in Himachal, हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल बर्फबारी से सराबोर हो गए हैं। मनाली, धर्मशाला, शिमला और डलहौजी के पर्यटक स्थलों पर भारी बर्फबारी हुई है। अटल टनल रोहतांग के दोनों छोर पर भारी बर्फबारी का दौर जारी है। लाहुल की ओर नार्थ पोर्टल में आधा फीट से ज्यादा, जबकि मनाली की ओर साउथ पोर्टल पर एक फीट बर्फ पड़ चुकी है। लाहुल स्पीति पुलिस ने कुल्लू की ओर जाने वाले सभी वाहनों पर रोक लगा दी है, जबकि कुल्लू पुलिस ने वाहनों को मनाली के नेहरुकुंड से आगे जाने पर रोक लगा दी है। सैलानियों को भी नेहरुकुंड से आगे जाने की अनुमति नहीं है। रोहतांग दर्रे सहित पर्यटन स्थल राहनीनाला, मढी, ब्यासनाला, राहलाफाल, गुलाबा, अंजनी महादेव, फातरु, सोलंगनाला, कोठी और हामटा में भी बर्फ के फाहे गिर रहे हैं।
मनाली के सभी पर्यटन स्थल बर्फ से चमक उठे हैं। लाहुल घाटी के ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों दारचा, जिस्पा, छिका, रारिक, योचे, कोकसर, सिस्सु, गोंदला, नेनगाहर और मायड़ घाटी के ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। लाहुल घाटी की सभी सड़कों पर वाहनों की आवाजाही फिलहाल बंद है। घाटी में मनाए जा रहे स्नो फेस्टिवल की रौनक बर्फबारी से दोगुना हो गई है। बुधवार रात को मनाली में ही बर्फ का फाहे गिरे। पर्यटन नगरी मनाली में हालांकि डेढ़ से दो इंच ही बर्फबारी हुई। लेकिन पर्यटकों ने होटलों से बाहर निकलकर बर्फ के फाहों का खूब आनंद लिया।
एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया बर्फबारी को देखते हुए सभी वाहनों को नेहरुकुंड से आगे जाने पर रोक लगाई है। अटल टनल सैलानियों के लिए बंद कर दी गई है। उन्होंने बताया पर्यटक भी आज नेहरुकुंड तक ही जा सकेंगे।
लाहुल स्पीति एसपी मानव वर्मा ने बताया साउथ व नार्थ पोर्टल में बर्फबारी शुरु होने के कारण वाहनों को केलंग से मनाली जाने की अनुमति नहीं है। आपातकालीन स्थिति में ड्राइवरों को उनकी सुरक्षा के लिए यात्रा करने से पहले अधिकारियों को पूर्व सूचना देने की सलाह दी है। पर्यटकों को वर्तमान में घाटी में प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। आपातकालीन स्थिति और सड़क की स्थिति के बारे में जानकारी के लिए संपर्क करें जिला आपदा नियंत्रण कक्ष फोन नंबर 9459461355 पर संपर्क करें।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रिज मैदान पर वीरवार सुबह हुई ताजा बर्फबारी। शहर में चार इंच तक बर्फ गिरने से सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है।
यह भी पढ़ें: Snowfall in Shimla: शिमला शहर में चार इंच बर्फबारी, फिसलन से सड़कें बंद; पर्यटकों के वाहन फंसे
यह भी पढ़ें: Snowfall in Himachal: प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी, जानिए कब साफ होगा मौसम