देश के 50 पावरफुल पीआर की सूची में हिमाचल के हर्षेन्द्र वर्धन भी शामिल, जानिए कौन हैं यह शख्सियत
Harshendra wardhan रेपुटेशन टूडे की ओर से जारी देश के 50 पावरफुल पीआर एंड ब्रांड कम्युनिकेशन की सूची में हिमाचल के हर्षेन्द्र वर्धन का नाम भी शामिल हुआ है।
धर्मशाला, जेएनएन। रेपुटेशन टूडे की ओर से जारी देश के 50 पावरफुल पीआर एंड ब्रांड कम्युनिकेशन की सूची में हिमाचल के हर्षेन्द्र वर्धन का नाम भी शामिल हुआ है। सूची में उनका नाम पहली पंक्ति में है। यह हिमाचल के लिए गौरव की बात है। हर्षेन्द्र वर्धन मूलरूप से बैजनाथ-पपरोला से संबंध रखते हैं तथा काफी साल से दिल्ली में रह रहे हैं। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन नई दिल्ली के छात्र रहे हर्षेन्द्र 2005-06 से इंडियन फारमर्स फर्टिलाइजर को-ऑपरेटिव लिमिटेड (इफ्को) से जुड़े हुए हैं तथा मौजूदा समय में इफ्को में वरिष्ठ प्रबंधक पब्लिक रिलेशन के रूप में पीआर एंड ब्रांड के प्रमुख के रूप में कार्य देख रहे हैं।
पिछले करीब 15 साल से उनकी अगुवाई में उनकी कंपनी में पीआर के क्षेत्र में ब्रांड को लेकर कई बेहतरीन कार्य हुए हैं। हर्षेन्द्र का कहना है कि उनकी लिए खुशी व गर्व की बात है कि सूची में उनका नाम आया है। वह लगातार अपने ब्रांड को आगे बढ़ाने में इफ्को के प्रबंध निदेशक डॉ. यूएस अवस्थी के मार्गदर्शन में कार्य कर रहे हैं और उन्हीं के बेहतर मार्गदर्शन में उन्हें यह सफलता मिली है। हर्षेन्द्र को इसके अलावा भी कई स्थानों में सम्मानित किया जा चुका है। आने वाले समय वह देवभूमि हिमाचल के लिए भी कुछ बेहतर करना चाहते हैं।
हर्षेन्द्र वर्धन का कहना है कि इफको लगातार किसानों के हित में काम कर रहा है। इस दिशा में किसानों को इफको का अधिक से अधिक लाभ मिल पाए, इसके लिए लगातार ब्रांडिंग को और मजबूत किया जा रहा है। संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल नेतृत्व में इफको ने जैविक कृषि के क्षेत्र में भी कार्य करना शुरू कर दिया है। ऐसे में किसानों को बेहतर उत्पादों का पता चल सके। इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है। उनका कहना है कि देवभूमि हिमाचल में भी कृषि और बागवानी की अपार संभावना है। इस दिशा में इफको कई प्रोडक्ट तैयार कर चुका है। इसका हिमाचल के किसान और बागवान भी भरपूर लाभ उठा रहे हैं।