रोहतांग दर्रे पर आधा फीट ताजा हिमपात, शिमला में ओलावृष्टि से बागवानों को नुकसान
Snowfall on Rohtang pass मई माह के पहले दिन लाहुल के तारचा किंगरिट किन्नौर की पहाडिय़ों सहित रोहतांग दर्रे पर ताजा हिमपात हुआ है।
शिमला/मनाली, जेएनएन। मई में कुदरत ने अपना करिश्मा दिखाया है। मई माह के पहले दिन लाहुल के तारचा, किंगरिट, किन्नौर की पहाड़ियों सहित रोहतांग दर्रे पर ताजा हिमपात हुआ है। तारचा और किंगरिट में चार-चार इंच ताजा बर्फबारी हुई है, जबकि रोहतांग दर्रे पर आधा फीट के करीब हिमपात हुआ है। पैदल दर्रा पार करने के लिए बढ़ रहे लाहुल के लोगों का दस सदस्यीय समूह आधे रास्ते से ही वापस मनाली लौटने को मजबूर हो गया। वहीं, शिमला में भारी ओलावृष्टि से बागवानों को नुकसान हुआ है। सेब के अंकुर गिर गए हैं।
इस बर्फबारी के साथ मंगलवार देर रात से सुबह तक तेज हवाओं के साथ प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में वर्षा और ओलावृष्टि दर्ज की गई है। इस ताजा हिमपात और वर्षा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इस बार बर्फबारी और वर्षा के क्रम के कारण लगातार मौसम में तबदीली आ रही है। मैदानी क्षेत्रों में भी इस कारण गर्मी से राहत मिली है।
गर्मी से निजात पाने के लिए पर्यटक शिमला, मनाली व धर्मशाला पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग ने बुधवार को भी 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने के साथ ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में वर्षा की संभावना जताई है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन ने बताया पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिया होने से मौसम में तबदीली आई है। अभी चार मई तक बर्फबारी और वर्षा की संभावना है।
मनाली-लेह मार्ग बहाली का कार्य प्रभावित
बर्फ के फाहो का दौर जारी रहने से रोहतांग दर्रे सहित मनाली लेह मार्ग की बहाली प्रभावित हुई है। मौसम की परिस्थितयां ऐसी ही रही तो रोहतांग बहाली एक सप्ताह और आगे खिसक सकती है। बीआरओ के लिए रोहतांग बहाली दर्रे के दोनों ओर से लगभग 25 किलोमीटर शेष रह गई है। बीआरओ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि रोहतांग दर्रे सहित बारालाचा दर्रे में हो रही बर्फ बारी से बीआरओ की सड़क बहाली का कार्य प्रभावित हुआ है।
पर्यटक उठा रहे लुत्फ
रोहतांग, राहनीनाला, मढ़ी, ब्यासनाला सहित राहलाफाल, ब्यासनाला, मढ़ी, अंजनी महादेव व फातरु में भी बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। बुधवार को गुलाबा की ओर गए सैलानी आसमान से गिर रहे बर्फ के फाहो का आनंद ले रहे हैं।
गुलाबा से आगे न जाएं सैलानी : एसडीएम
एसडीएम मनाली अश्वनी कुमार ने सैलानियों से आग्रह किया कि वे मौसम की परिस्थितियों को देखकर ही गुलाबा की वादियों में घूमने जाएं। उन्होंने लाहुल जाने वाले लोगों से भी आग्रह किया कि मौसम को देखकर ही रोहतांग दर्रा पार करें।