हिमाचल में अब सरकारी सप्लाई का सीमेंट भी हुआ महंगा, कंपनी के साथ नया रेट कांट्रेक्ट साइन
Govt Supply Cement Rates Increase हिमाचल प्रदेश में अब सरकारी सप्लाई का सीमेंट के दाम में भी बढ़ोतरी हो गई है।
झंडूता, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में अब सरकारी सप्लाई सीमेंट के दाम में भी बढ़ोतरी हो गई है। एसीसी सीमेंट फैक्टरी से अब पहले के मुकाबले में बीस रुपये महंगा सीमेंट खरीदना पड़ेगा। राज्य नागरिक आपूर्ति निगम की ओर से कंपनी के साथ नया करार कर लिया गया है और इसके बाद सभी पंचायतों की लंबित मांगों को पूरा करने के लिए कंपनी को निर्देश भी दे दिए गए हैं। बिलासपुर स्थित राज्य आपूर्ति निगम के एपीओ जगत शर्मा ने इस संबंध में जानकारी दी।
जगत शर्मा ने बताया कि पूरे हिमाचल में सीमेंट की सप्लाई करने के लिए सीमेंट कंपनी के साथ नया रेट कांट्रेक्ट साइन करने का मामला लटका हुआ था। इस कारण प्रदेश की सैकड़ों पंचायतों में सीमेंट की सप्लाई नहीं हो पा रही थी। जिला बिलासपुर की करीब डेढ़ सौ पंचायतों में सीमेंट नहीं मिल पा रहा था। सरकार ने अब नया रेट कांट्रेक्ट साइन कर लिया है। इसके तहत अब अगले एक वर्ष के लिए बीस रुपये प्रति बोरी के हिसाब से पुराने रेट के मुकाबले महंगा सीमेंट दिया जाएगा। लेकिन इस कांट्रेक्ट के बाद पंचायतों में विकास कार्य रफ्तार पकड़ेंगे।
कांट्रेक्ट लटकने के कारण प्रदेश की 3226 पंचायतों में सीमेंट की भरपूर सप्लाई नहीं हो पा रही थी। इस कारण पंचायतों में मनरेगा समेत अन्य विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। वहीं लोक निर्माण विभाग के तहत होने वाले निर्माण कार्यों पर भी असर देखने को मिल रहा था। लेकिन अब सीमेंट विकास कार्यों के आड़े नहीं आएगा। सीमेंट की भरपूर आपूर्ति हो पाएगी।
बीते दिनों ही सीमेंट कंपनियों ने कीमतों में प्रति बैग दस रुपये की बढ़ोतरी की थी। अब सरकार ने सरकारी सीमेंट के दाम में भी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है।पंचायत प्रधान झंडूता रचना ठाकुर का कहना है कि अभी सीमेंट 257 रुपये प्रति बैग मिल रहा था, दाम बढ़़ने के बाद यहां सीमेंट 275.78 रुपये प्रति बैग के हिसाब से मिलेगा। प्रदेशभर में अलग अलग जगह इसके दाम विभिन्न होंगे।