बज्रेश्वरी देवी मंदिर में महिला श्रद्धालु के सोने के कंगन काटकर चुराने की कोशिश kangra News
शक्तिपीठ माता श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में एक महिला श्रद्धालु के हाथों के सोने के कंगन काटने का प्रयास किया गया।
कांगड़ा, जेएनएन। शक्तिपीठ माता श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में एक महिला श्रद्धालु के हाथों के सोने के कंगन काटने का प्रयास किया गया। इस दौरान महिला श्रद्धालु के एकाएक शोर मचाने से सोने के कड़े चुराए नहीं जा सके। मंदिर के सुरक्षाकर्मियों ने इस मामले में जांच के दायरे में दो महिलाओं को शक के आधार पर पकड़ा है जो पंजाब के कीरतपुर की रहने वाली हैं। जानकारी के अनुसार शक्तिपीठ माता श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में शनिवार को भारी भीड़ होने के कारण श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी थी और मंदिर के मुख्य गर्भ गृह में एक श्रद्धालु महिला के सोने के कड़े को काटे जाने पर महिला ने शोर मचा दिया जिससे मंदिर में हडकंप मच गया।
मौके पर तैनात मंदिर सुरक्षाकर्मियों ने महिला श्रद्धालु से पूछताछ की तो उसने दो महिलाओं पर शक जाहिर किया जो कि उसके पीछे खड़ी थीं। मंदिर सुरक्षा कर्मियों ने इन दोनों महिलाओं की जांच के लिए उन्हें मंदिर कार्यालय तलब किया और कांगड़ा पुलिस को सूचित किया। इन दोनों महिलाओं से शुरुआती जांच में कुछ नहीं मिला है और न ही ऐसा कोई ऐसा सामान मिला है जिससे यह पता चल सके कि इन्हीं महिलाओं द्वारा सोने के कड़े को काटा गया है। कांगड़ा पुलिस ने भी महिला की शिकायत पर अपनी जांच शुरू कर दी है और मंदिर के गर्भ गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है।
मंदिर अधिकारी नीलम कुमारी ने बताया कि मंदिर के सुरक्षाकर्मियों ने मामले की जानकारी दी है। यह मामला शक्तिपीठ के मुख्य गर्भ गृह में घटित हुआ है। वहीं डीएसपी कांगड़ा विनोद धीमान ने बताया कि शक के दायरे में दो महिलाओं को जांच के लिए रोका गया है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।