हिमाचल के गौरव न्यूजीलैंड में बने सांसद, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दी बधाई, गांव में खुशी का माहौल
Hamirpur Gaurav मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हमीरपुर जिले के लोअर हड़ेटा निवासी डा. गौरव शर्मा को न्यूजीलैंड में सांसद चुने जाने पर बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि डा. गौरव ने नाम को सार्थक करते हुए विदेश में भी हिमाचल प्रदेश का नाम भी गौरवान्वित किया है।
शिमला, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हमीरपुर जिले के लोअर हड़ेटा निवासी डा. गौरव शर्मा को न्यूजीलैंड में सांसद चुने जाने पर बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि डा. गौरव ने नाम को सार्थक करते हुए विदेश में भी हिमाचल प्रदेश का नाम भी गौरवान्वित किया है। हाल ही में न्यूजीलैंड में संपन्न हुए चुनाव में वह सांसद चुने गए हैं। उल्लेखनीय है कि हमीरपुर जिले के लोअर हड़ेटा से संबंध रखने वाले 33 वर्षीय डा. गौरव शर्मा के पिता गिरधर शर्मा राज्य विद्युत बोर्ड से एसडीओ पद की नौकरी छोड़कर न्यूजीलैंड चले गए हैं। उनकी मां पूॢणमा शर्मा ने भी वन विभाग की सरकारी नौकरी छोड़ दी है। दोनों इस समय न्यूजीलैंड में हैं।
डॉ. गौरव शर्मा ने पांचवीं तक पढ़ाई हमीरपुर डीएवी स्कूल से की है जबकि 10वीं पढ़ाई शिमला के ऑकलैंड स्कूल से की है। डाक्टर बनने की चाह गौरव को विदेशी धरती पर ले गई। उन्होंने पहले एमबीबीएस, उसके बाद वाशिंगटन से एमबीए की पढ़ाई पूरी की। समाजसेवा में दिलचस्पी रखने वाले डा. गौरव को न्यूजीलैंड की लेबर पार्टी ने हेमिल्टन वेस्ट से पार्टी उम्मीदवार के तौर पर उतारा था। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी नेशनल पार्टी के टिम को 4368 मतों से शिकस्त दी है। उन्होंने पिछली बार भी चुनाव लड़ा था लेकिन कुछ मतों से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस बार जीत दर्ज करके हिमाचल समेत हमीरपुर जिले का नाम रोशन किया है। हमीरपुर स्थित उनके गांव में खुशी का माहौल है।