Snowfall in Himachal: प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्र में छाए बादल
Fresh Snowfall in Himachal मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। रोहतांग सहित लाहुल की समस्त घाटी में बर्फ़बारी हो रही है।
मनाली/धर्मशाला, जेएनएन। मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। रोहतांग सहित लाहुल की समस्त घाटी में बर्फ़बारी हो रही है। प्रदेश के अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हो रही है। जिला कांगड़ा की धौलाधार पर्वत श्रृंखला पर भी रात को फाहे गिरे हैं व सुबह से घाटी में बादल छाए हैं। किन्नौर की पहाडि़यों पर भी बर्फबारी हो रही है।मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आज सारा दिन मौसम खराब रहेगा। इसके बाद 21 फरवरी तक मौसम साफ रह सकता है।
जिला मुख्यालय केलंग में अब तक 4 इंच बर्फ पड़ चुकी है। इसके अलावा कोकसर, दारचा, जिस्पा, नेनगाहर में 7 से 8 इंच, पटन घाटी में 4 से 6 इंच बर्फ़बारी हो चुकी है, जबकि क्रम जारी है। कुछ दिन तक लाहुल घाटी में मौसम साफ रहने से हालात सामान्य हो गए थे। लेकिन बुधवार रात को बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए और सुबह तक जन जीवन फिर से प्रभावित हो गया।
सर्दी के मौसम में इस बार भारी बर्फबारी के कारण घाटी में बस सेवा अभी शुरू नही हुई है। लेकिन कल रात से बर्फ़बारी का क्रम शुरू होने से छोटी गाड़ियों के पहिये भी थम गए हैं। केलंग निवासी अशोक व कुंदन ने बताया जिला मुख्यालय केलंग में रात से बर्फबारी हो रही है और अभी तक 4 इंच बर्फ पड़ चुकी है। उन्होंने बताया छोटे वाहनों के पहिये एक बार फिर जम गए हैं। वाहन सेवा न मिलने से लोगों की दिक्कत बढ़ गई है।
मालंग गांव के ग्रामीण मोहन लाल व अनिल ने बताया उनके गांव में 6 इंच बर्फ़बारी हो चुकी है, जबकि अभी भी बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। केलंग एसडीएम अमर नेगी ने बताया बर्फ़बारी से घाटी में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बीआरओ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया मौसम खुलते ही बीआरओ सड़कों की बहाली शुरू कर देगा। दूसरी ओर पर्यटन नगरी मनाली में सैलानियों से रौनक लगी हुई है। सैलानी मनाली के विभिन्न स्थलों में बर्फ के दीदार कर रहे हैं तथा बर्फ की खेलों का आनंद उठा रहे हैं।