Himachal Weather Update: बारिश-बर्फबारी से 10 डिग्री तक लुढ़का तापमान, ओलावृष्टि ने फिर बरपाया कहर
हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में पांच से दस डिग्री तक की गिरावट आई है।
शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में पांच से दस डिग्री तक की गिरावट आई है। धौलाधार, कुल्लू व किन्नौर के पहाड़ाें पर बर्फबारी हुई है। रोहतांग दर्रा पर भी फाहेे गिरे हैं। सुंदरनगर में एक ही दिन में दस डिग्री तक तापमान गिर गया। ठंड के बढ़ने से ऊपरी इलाकों में लोगों को ऊनी वस्त्र निकालने की नौबत आ गई है। माैसम विभाग ने मंगलवार के लिए प्रदेश के सात जिलों बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन में वर्षा और बिजली कड़कने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश में 30 अप्रैल तक मौसम के ऐसे ही तेवर रहने वाले हैं और एक व दो मई को मौसम के साफ रहने के बाद तीन मई को ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सिरमौर, किन्नौर और लाहुल-स्पीति को छोड़ बाकी सभी जिलों में आंधी आैर तूफान के साथ ओलावृष्टि व वर्षा के लिए यलो अलर्ट जारी किया था।
प्र्रदेश में ओलावृष्टि का तीसरे दिन भी तांडव जारी रहा। खड़ी फसलों के साथ फलों को नुकसान पहुंचा है। शिमला सहित कांगड़ा, ऊना में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई है। अभी तक अकेले बागवानी को प्रदेश में 30 करोड़ का नुकसान हो चुका है। सबसे अधिक नुकसान जिला शिमला में करीब 12 करोड़ बताया जा रहा है। प्रदेश में बागवानी को शिमला सहित कुल्लू, मंडी, सिरमौर और कांगड़ा में नुकसान पहुंचा है। सर्दियों और बरसात में छाने वाली धुंध अप्रैल के अंत में छा गई और एक दम से ठंड लौट आई है।
तापमान की स्थिति
- शहर न्यूनतम अधिकतम
- शिमला, 10.3, 15.4
- सुंदरनगर, 14.6, 21.8
- भुंतर, 14.2, 23.0
- कल्पा, 6.6, 15.7
- धर्मशाला, 12.8, 19.8
- ऊना, 16.4, 29.8
- नाहन, 17.3, 25.6
- केलंग, 5.0, 15.2
- सोलन, 12.2, 23.0
बागवानी विभाग का आकलन, ओलावृष्टि से नूरपुर क्षेत्र में 85 फीसद आम की फसल तबाह Kangra News
Rohtang Pass: बीआरओ ने वाहनों के लिए खोला रोहतांग दर्रा, बर्फीली हवाओं के बीच कल पार होंगी गाडि़यां