कांगड़ा के नौशहरा नाले में मिला डेढ़ माह से लापता बुजुर्ग महिला का कंकाल, इलाके में मचा हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस
नौशहरा में डेढ़ माह से लापता 80 वर्षीय रंजना कुमारी का कंकाल नाले में मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल ...और पढ़ें

हिमाचल के कांगड़ा में बुजुर्ग महिला का शव मिला (प्रतीकात्मक फोटो, जागरण आर्काइव)
HighLights
नौशहरा में लापता वृद्धा का कंकाल नाले में मिला
80 वर्षीय रंजना कुमारी की पहचान बेटों ने की
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की
संवाद सहयोगी, बिलासपुर। थाना हरिपुर के तहत नौशहरा में रविवार को नाले में एक वृद्धा का कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इसकी पहचान करीब डेढ़ माह से लापता 80 वर्षीय रंजना कुमारी पत्नी स्वर्गीय वेदांत कुमार निवासी नौशहरा के रूप में हुई। उनके बेटों संदीप शर्मा और अजय कुमार ने पहचान की।
स्वजन के अनुसार, रंजना कुमारी तीन अक्टूबर से लापता थीं। उनकी तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला था। रविवार को पुलिस चौकी रानीताल को नौशहरा के एक नाले में महिला का कंकाल पड़े होने की सूचना मिली। थाना प्रभारी हरिपुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए और कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा स्थित कांगड़ा के शवगृह में रखवाया। रिपोर्ट और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।