नकली गहने बेचते दबोचा दंपती पुलिस रिमांड पर, हो सकते हैं कई खुलासे Kangra News
नकली गहने बेचने के आरोप में गिरफ्तार महिला व पुरुष को शुक्रवार को पालमपुर पुलिस ने स्थानीय न्यायालय में पेश किया।
पालमपुर, जेएनएन। पपरोला बाजार में नकली गहने बेचने के आरोप में गिरफ्तार महिला व पुरुष को शुक्रवार को पालमपुर पुलिस ने स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहां दोनों आरोपितों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आरोपित व्यक्ति के साथ संलिप्त फरार महिला को भी पुलिस ने वीरवार देर रात ठाकुरद्वारा में दबोच कर हिरासत में ले लिया था। महिला की गोद में छोटा बच्चा भी है। इसकी देखभाल में पुलिस को खासी मेहनत करनी पड़ रही है।
गौर हो कि लुधियाना निवासी बलजीत सिंह एक महिला व बच्चे के साथ पपरोला में एक सुनार की दुकान में पहुंचे और उसे हॉलमार्क का निशान लगी अंगूठी दिखाई। उन्होंने इसके बदले अन्य अंगूठी की मांग स्वर्ण विक्रेता से की। हॉलमार्क देखकर दुकानदार ने अंगूठी रख ली और बदले में अन्य अंगूठी भी दे दी। मगर थोड़ी देर में ही दुकानदार को उनकी असलीयत का पता चल गया व उसने अन्य दुकानदारों के सहयोग से आरोपित को धर दबोचा तथा पुलिस को सुपुर्द कर दिया। डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपितों का चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है। आरोपितों से गहन पूछताछ की जाएगी।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप