कांगड़ा रेस्ट हाउस में भाजपा नेताओं की बैठक पर लोनिवि के अधिशाषी अभियंता को नोटिस, जानिए मामला
भाजपा नेताओं की गुप्त बैठक पर कड़ा संज्ञान लेते हुए एसडीएम कांगड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कांगड़ा, जेएनएन। लोक निर्माण विभाग कांगड़ा के विश्राम गृह में 30 मई को भाजपा नेताओं की गुप्त बैठक पर कड़ा संज्ञान लेते हुए एसडीएम कांगड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस के जवाब से अगर एसडीएम संतुष्ट नहीं हुए तो अधिशाषी अभियंता पर कानूनी कार्रवाई की तलवार लटक सकती है।
एसडीएम जतिन लाल ने बताया कि आपदा एक्ट के तहत रेस्ट हाउस में बिना प्रशासन की अनुमति से बैठक कैसे हो गई है। उल्लेखनीय है कि भाजपा नेताओं की गुप्त मंत्रणा 30 मई को कांगड़ा में लोनिवि के रेस्ट हाउस में हुई थी। इसके बाद प्रदेश में काफी सियासी बवाल मचा था और विपक्ष ने इस मसले पर सरकार पर हमले किए थे।
नोटिस में एसडीएम ने लिखा है कि आपदा एक्ट के तहत सभी सरकारी रेस्ट हाउस में किसी भी तरह की बैठक व ठहरने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बावजूद कांगड़ा के लोनिवि रेस्ट हाउस में बैठक हुई और इसमें भाग लेने वाले लोगों के लिए खाना भी बनाया गया।]
एसडीएम ने कहा कि यह आपदा एक्ट के नियमों का उल्लंघन है। जतिन लाल ने बताया कि विश्राम गृह में आपदा एक्ट के तहत किसकी अनुमति से बैठक हुई है। एसडीएम ने कारण बताओ नोटिस की कॉपी जिलाधीश कांगड़ा को भी भेजी है।