कांगड़ा में भाजपा नेताओं की गुप्त बैठक पर पार्टी विधायकों ने ही खोला मोर्चा, नड्डा से कार्रवाई की मांग
Kangra BJP Dispute वरिष्ठ भाजपा नेताओं की लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में हुई बैठक के बाद कांगड़ा भाजपा में घमासान मच गया है।
धर्मशाला, जेएनएन। वरिष्ठ भाजपा नेताओं की लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में हुई बैठक के बाद कांगड़ा भाजपा में घमासान मच गया है। जिला भाजपा ने इस बैठक को षड़यंत्र बैठक व नेताओं को बागी करार देते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जेपी नड्डा से उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद से डॉ. राजीव बिंदल के त्याग पत्र के बाद चिंगारी ने बड़ी अाग का रूप लेना शुरू कर दिया है।
वहीं, विश्राम गृह में हुई बैठक के बाद यह अाग अौर तेज हो गई है। अपने ही संगठन के पदाधिकारी व नेता अपने ही संगठन के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ मैदान में उतर अाए हैं। किस-किस नेता को बैठक में अाने का दबाव डाला गया, इसकी पूरी जानकारी भी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेज दी है।
जिला के इन नेताओं ने मांगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
बैठक के विरोध में संगठनात्मक जिला कांगड़ा के जिला अध्यक्ष चंद्रभूषण नाग, प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता उमेश दत्त, विधायक राकेश पठानिया, विक्रम जरियाल, अरुण मेहरा, विशाल नैहरिया, राकेश पठानिया, मुल्ख राज प्रेमी, अर्जुन सिंह, रीता धीमान, पवन नैयर, जिया लाल, रविंद्र धीमान व चंबा जिला के पूर्व अध्यक्ष डीएस ठाकुर, संगठनात्मक जिला कांगड़ा महामंत्री सचिन शर्मा, महामंत्री रमेश बराड़ ने संयुक्त रूप से जारी बयान में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को भेजे पत्र में उक्त नेताओं के विरुद्ध तुरंत अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। बैठक को सरकार व पार्टी के खिलाफ षड़यंत्र बैठक करार दिया। पार्टी के ही नेता सरकार को अस्थिर करने के लिए षड़यंत्र रच रहे हैं। मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री से भी यह मांग की है कि ऐसे अनुशासनहीन लोग कितने भी उच्च पदों पर क्यों न हो, इनके विरुद्ध तुरंत कार्रवाई हो। यह जानकारी प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा ने दी।
कांगड़ा की बैठक में यह नेता थे मौजूद
कांगड़ा में हुई बैठक में सांसद किशन कपूर, पूर्व मंत्री रविंद्र रवि, पूर्व विधायक संजय चौधरी, नूरपुर जिला के महामंत्री रणबीर सिंह निक्का, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घनश्याम शर्मा, बलदेव ठाकुर, निर्मल सिंह, डॉ. नरेश बरमानी अादि मौजूद रहे।
क्या कहते हैं भाजपा नेता
- कुछ मित्र अपने कार्यों को लेकर मिलने की बात कह रहे थे, एेसे में कांगड़ा में कुछ साथियों से मिले। उनके क्षेत्र के कामों को लेकर व फंड को लेकर चर्चा हुई। -किशन कपूर, सांसद, कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र।
- हां कांगड़ा में कुछ मित्रों से मिले थे, कुछ चर्चा हुई है। अखबारों ने कुछ छापा भी है। दूसरा कोइ कुछ कहता है तो उसका जवाब देंगे। -रविंद्र रवि, पूर्व मंत्री
- सरकार हमारी है। कांगड़ा में सांसद आए थे तो क्षेत्र के कामों को लेकर उनसे मिले हैं। इसे अन्य रंग देना गलत है। -संजय चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा।
- अपने मन से जो मर्जी कोई कहता है कहता रहे। किसी के जिंदाबाद या मुर्दाबाद के नारे नहीं लगाए हैं। किसी से मिलने पर कोई पाबंदी नहीं है। -रणवीर निक्का, जिला महामंत्री, नूरपुर।