इस मार्ग पर भूलकर भी आओगे तो पछताओगे
didian gurala road damage जसवां परागपुर-डाडासीबा के अंतर्गत आने वाले दिदियां-गुराला रोड पर वाहनों की आवाजाही खतरे से खाली नहीं है।
जसवां परागपुर, जेएनएन। जसवां परागपुर-डाडासीबा के तहत दिदियां-गुरालामार्ग पर वाहनों की आवाजाही खतरे से खाली नहीं है। मार्ग में जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं और गुराला के पास भूस्खलन से सड़क का एक किनारा गिर गया है। इससे बनी खाई को देखकर लोग डर जाते हैं। हैरानी की बात है कि मार्ग की मरम्मत करवाने की बजाय लोक निर्माण विभाग ने सड़क किनारे छोटे-छोटे पत्थर लगाकर बड़े वाहनों के लिए आवाजाही बंद कर इतिश्री कर ली है।
इस मार्ग से दिदियां, पपलोहर, गुराला, लग, डूहकी, सियुल व पक्का टियाला के लोग हर रोज सफर करते हैं। इसी सड़क पर गुजरते वाहन सड़क हादसों को न्योता दे रहे हैं। जनता की सुरक्षा और मरम्मत को लेकर यह लापरवाही लोनिवि की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रही है और जनता खतरे भरे मार्ग से रोज गुजरने के लिए मजबूर है। सड़क के किनारे को बहे करीब आठ माह से अधिक समय हो चुका है।
वाहन चलाते समय खाई को देखकर दिल दहल जाता है लेकिन अभी तक लोक निर्माण विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। बड़े वाहनों की आवाजाही बंद करने से पांच गांवों के लोग प्रभावित हो रहे हैं। प्रवीन कुमार, ग्रामीण।
दिदियां-गुराला-पपलोथर सड़क की हालत बेहद खराब है। मार्ग दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। लोक निर्माण विभाग ने यदि इस ओर ध्यान नहीं दिया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। -अश्वनी धीमान।
शायद विभागीय अधिकारियों को लोगों की सुरक्षा की कोई परवाह नहीं है। यही कारण है कि इतना समय बीतने के बाद भी सड़क की हालत सुधारने की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अवनीश।
पंचायत को जैसे ही पता चला था तो सड़क की हालत को लेकर लोक निर्माण विभाग को बताया गया था। अभी तक सुधार नहीं हो पाया है। सीमा ठाकुर, प्रधान लग पंचायत।
लोगों की सुरक्षा को देखते हुए ही भारी वाहनों की आवाजाही बंद की है, क्योंकि वैकल्पिक मार्ग भी है। शीघ्र सहायक अभियंता निरीक्षण करेंगे और मार्ग की हालत सुधार दी जाएगी। -गुरचरण राणा, अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, देहरा।